“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

जानलेवा हमले के मामले में थाना सदर पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

जानलेवा हमले के मामले में थाना सदर पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

फाग के दिन गांव मानस में युवक पर किया था हमला, वारदात में इस्तेमाल डंडा भी बरामद

कैथल। थाना सदर कैथल पुलिस ने गांव मानस में हुए जानलेवा हमले के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव मानस निवासी अंकुश की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार 4 मार्च को फाग के अवसर पर वह अपने साथी विक्की और सुनील के साथ कार में सवार होकर अपने घर जा रहा था।

पंचायत घर के पास रोका रास्ता

जब वे गांव मानस स्थित पंचायत घर के समीप पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने मोटरसाइकिल लगाकर उनकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया। शिकायतकर्ता ने गाड़ी निकालने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने जानबूझकर मोटरसाइकिल गाड़ी के आगे खड़ी कर दी।

इसके बाद आरोपी अपने घरों से गंडासी, डंडे और अन्य हथियार लेकर मौके पर पहुंचे तथा अंकुश और उसके साथियों पर हमला कर दिया।

सिर पर किए गए वार, गंभीर रूप से घायल हुआ युवक

शिकायत के अनुसार आरोपियों ने अंकुश के सिर पर गंडासी से कई वार किए, जिससे उसके जबड़े, नाक और आंख के आसपास गंभीर चोटें आईं। हमले के दौरान वह मौके पर ही बेहोश हो गया।

हमलावर उसे मृत समझकर घटनास्थल से फरार हो गए। बाद में गांव के एक व्यक्ति ने घायल युवक को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।

तीन आरोपी गिरफ्तार

मामले में थाना सदर कैथल में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार थाना सदर के एसएचओ एसआई कुलदीप के नेतृत्व में एएसआई प्रदीप कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव मानस निवासी रोहित, चेतन और राजेश उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है।

पूछताछ जारी

पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की पूछताछ जारी है तथा अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *