“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विकासात्मक प्रदर्शनी का आयोजन, डीसी अपराजिता ने किया उद्घाटन

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विकासात्मक प्रदर्शनी का आयोजन, डीसी अपराजिता ने किया उद्घाटन

’12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ थीम पर लगी प्रदर्शनी में सरकार की उपलब्धियों को किया गया प्रदर्शित

कैथल। केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” थीम के तहत सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा लघु सचिवालय परिसर में विशेष विकासात्मक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन उपायुक्त अपराजिता और एसडीएम संजय कुमार ने रिबन काटकर किया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों से संबंधित प्रदर्शित सामग्री की जानकारी प्राप्त की।

जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

उपायुक्त अपराजिता ने कहा कि यह प्रदर्शनी आमजन को सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों से अवगत कराने का एक प्रभावी माध्यम है। प्रदर्शनी में केंद्र और हरियाणा सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों को विस्तार से प्रदर्शित किया गया है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना, जन औषधि केंद्रों के माध्यम से सस्ती दवाओं की उपलब्धता तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त उपचार जैसी सुविधाओं को प्रमुखता से दर्शाया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धियां बनी आकर्षण का केंद्र

प्रदर्शनी में आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के अंतर्गत हरियाणा में 1.40 करोड़ से अधिक कार्ड बनाए जाने तथा प्रदेश में 465 से अधिक जन औषधि केंद्र संचालित होने की जानकारी भी प्रदर्शित की गई।

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आमजन को सस्ती चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों को विशेष रूप से दर्शाया गया।

सांस्कृतिक विरासत संरक्षण की झलक

प्रदर्शनी में अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, केदारनाथ धाम के पुनर्विकास तथा सांस्कृतिक विरासत संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यों की जानकारी भी प्रदर्शित की गई।

इसके साथ ही कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में विकसित महाभारत थीम आधारित अनुभव केंद्र भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।

आवास, राशन और आधारभूत ढांचे पर विशेष फोकस

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना तथा मुफ्त राशन वितरण कार्यक्रम की उपलब्धियों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।

जानकारी के अनुसार देशभर में 4 करोड़ से अधिक तथा हरियाणा में 1.58 लाख से अधिक आवासों का निर्माण किया गया है। वहीं करोड़ों लाभार्थियों को प्रतिमाह मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।

युवा और खेल क्षेत्र की उपलब्धियां भी प्रदर्शित

युवा सशक्तिकरण और खेलों को बढ़ावा देने के लिए संचालित स्टार्टअप इंडिया अभियान, खेलो इंडिया कार्यक्रम तथा हरियाणा में स्थापित खेलो इंडिया केंद्रों की जानकारी भी प्रदर्शनी का महत्वपूर्ण हिस्सा रही।

प्रदर्शनी के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार, नवाचार और खेलों के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के बारे में जागरूक किया गया।

लोगों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील

डीसी अपराजिता ने जिला वासियों से आह्वान किया कि वे प्रदर्शनी का अवलोकन कर सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता अनुसार उनका लाभ उठाएं।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की सुविधाएं पहुंचाना है।

इस अवसर पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी नसीब सैनी, सीएमजीजीए दिव्यता, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव रामजी लाल, सहायक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी अमित कौशिक, जिला समाज कल्याण विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *