22 किस्तों के माध्यम से किसानों के खातों में पहुंची 473.82 करोड़ रुपये की सहायता राशि
कैथल। केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष प्रचार अभियान के तहत उपायुक्त अपराजिता ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की उपलब्धियों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि योजना के तहत कैथल जिले के किसानों को अब तक 22 किस्तों के माध्यम से कुल 473.82 करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है।
उपायुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के माध्यम से किसानों को खेती से जुड़े आवश्यक कार्यों के लिए समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध हो रही है, जिससे कृषि लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने में सहायता मिल रही है।
2019 में शुरू हुई थी योजना
डीसी अपराजिता ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का शुभारंभ 24 फरवरी 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी जाती है।
उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने में मदद कर रही है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही है।
95 हजार से अधिक किसानों को मिली 22वीं किस्त
उपायुक्त ने बताया कि हाल ही में जारी की गई 22वीं किस्त के अंतर्गत कैथल जिले के 95 हजार 160 किसानों के बैंक खातों में लगभग 19.32 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की गई है।
यह सहायता राशि किसानों को बीज, खाद, कीटनाशक और अन्य कृषि आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है, जिससे खेती के कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने में मदद मिल रही है।
किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का फोकस
डीसी अपराजिता ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। विभिन्न योजनाओं का लाभ किसानों तक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा रहा है ताकि उन्हें अधिकतम लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और किसानों के जीवन स्तर में सुधार लाना है।
ई-केवाईसी अपडेट करवाने की अपील
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक रविन्द्र कुमार ने लाभार्थी किसानों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त करने के लिए अपनी ई-केवाईसी तथा बैंक खाते से संबंधित विवरण समय पर अपडेट करवाएं।
उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आर्थिक उन्नति के लिए जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग लगातार प्रयासरत हैं तथा पात्र किसानों तक सभी सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है।

Leave a Reply