नशा मुक्त हो जिला अभियान के तहत कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार
10 किलो चूरा पोस्त, 5.80 ग्राम स्मैक और 2.25 लीटर अवैध शराब बरामद, अलग-अलग मामलों में पुलिस की कार्रवाई
कैथल। जिला पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “नशा मुक्त हो जिला” अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में चौकी महमूदपुर पुलिस और चौकी भागल पुलिस ने अलग-अलग दो मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 किलोग्राम चूरा पोस्त, 5.80 ग्राम स्मैक तथा 2.25 लीटर अवैध शराब बरामद की है।
भागल पुलिस ने स्मैक और अवैध शराब के साथ आरोपी को दबोचा
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि चौकी भागल प्रभारी एएसआई रघुबीर सिंह के नेतृत्व में एएसआई जसपाल सिंह की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि गांव नवागांव (पंजाब) निवासी गुर्जेंट सिंह मोटरसाइकिल पर अवैध शराब बेचने का काम करता है और वह मगेड़ा की ओर से भागल की तरफ शराब लेकर आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घग्गर पुल के पास नाकाबंदी की। कुछ समय बाद एक संदिग्ध मोटरसाइकिल चालक आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर आरोपी वापस मुड़ने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के साथ बंधे थैले से एक प्लास्टिक बोतल में 2.25 लीटर अवैध शराब तथा एक पॉलिथीन में 5.80 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान पंजाब के गांव नवागांव निवासी गुर्जेंट सिंह के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ थाना गुहला में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
महमूदपुर पुलिस ने 10 किलो चूरा पोस्त किया बरामद
एक अन्य मामले में चौकी महमूदपुर प्रभारी एसआई राजबीर सिंह की टीम डेरा गोविंद नगर क्षेत्र में मौजूद थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांव फतेह माजरी (पंजाब) निवासी गुरतेज सिंह चूरा पोस्त की तस्करी करता है और बाइक पर सवार होकर भाखड़ा नहर पुल की पटरी से समाना की तरफ जाएगा।
सूचना के आधार पर पुलिस ने हांसी-बुटाना भाखड़ा नहर गोविंद नगर पुल पर नाकाबंदी कर संदिग्ध बाइक सवार को रोक लिया। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार सीवन मीनू कौशिक मौके पर पहुंचीं और उनकी मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक प्लास्टिक कट्टे में 10 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी गुरतेज सिंह के खिलाफ थाना गुहला में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों आरोपियों से जारी है पूछताछ
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा सके।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे की चपेट में धकेलने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।


Leave a Reply