“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

प्रेम जाल में फंसाकर युवती से ऐंठे लाखों के गहने, आरोपी गिरफ्तार

प्रेम जाल में फंसाकर युवती से ऐंठे लाखों के गहने, आरोपी गिरफ्तार

स्नैपचैट पर फर्जी आईडी बनाकर की दोस्ती, 19 तोले सोना और 250 ग्राम चांदी बरामद

कैथल। किठाना क्षेत्र के एक गांव की 21 वर्षीय युवती को प्रेम जाल में फंसाकर उसके घर से सोना-चांदी के आभूषण ले जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 19 तोले सोना और लगभग 250 ग्राम चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि किठाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी 21 वर्षीय पुत्री 31 मई की सुबह गांव की लाइब्रेरी जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा उसके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

जांच के दौरान पता चला कि घर से करीब 19 तोले सोना, लगभग 250 ग्राम चांदी तथा नकदी भी गायब थी। परिजनों ने आशंका जताई कि उनकी पुत्री को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया है। शिकायत के आधार पर थाना राजौंद में मामला दर्ज किया गया।

स्नैपचैट पर बनाई फर्जी पहचान

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार चौकी किठाना प्रभारी पीएसआई रोहित कुमार के नेतृत्व में एचसी राजबीर सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव प्योदा निवासी जसवंत उर्फ जेपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने स्नैपचैट पर फर्जी आईडी बनाकर युवती से दोस्ती की थी। धीरे-धीरे उसने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और उसे घर से सोना-चांदी के आभूषण लेकर आने के लिए प्रेरित किया।

कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर छोड़कर हुआ फरार

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। आरोपी युवती को अपने साथ लेकर गया और कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर उससे आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गया।

युवती को पुलिस ने 5 जून को सकुशल बरामद कर लिया था, जबकि आरोपी की तलाश लगातार जारी थी।

गहने बरामद, आरोपी न्यायिक हिरासत में

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 19 तोले सोना और करीब 250 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *