कलायत एसडीएम ने कपिल मुनि ड्रेन और एसटीपी का किया औचक निरीक्षण, एक सप्ताह में समाधान के निर्देश
कलायत। किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम अजय हुड्डा ने शुक्रवार को श्री कपिल मुनि ड्रेन एवं सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्रेन के ओवरफ्लो होने तथा पब्लिक हेल्थ विभाग की पाइपलाइन में लीकेज संबंधी शिकायतों की मौके पर जांच की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ इरिगेशन मैकेनिकल, एसडीओ पब्लिक हेल्थ कलायत तथा एसडीओ इरिगेशन (सिविल) कलायत भी उपस्थित रहे।
किसानों द्वारा प्रशासन को शिकायत दी गई थी कि श्री कपिल मुनि ड्रेन के ओवरफ्लो होने से आसपास के क्षेत्रों में परेशानी उत्पन्न हो रही है। इसके अलावा पब्लिक हेल्थ विभाग की पाइपलाइन में लीकेज की समस्या के कारण भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
एसडीएम अजय हुड्डा ने मौके पर स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि किसानों और आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि ड्रेन ओवरफ्लो और पाइपलाइन लीकेज से संबंधित समस्याओं का समाधान एक सप्ताह के भीतर कर दिया जाएगा।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कर इसकी रिपोर्ट प्रशासन को प्रस्तुत करें, ताकि भविष्य में लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


Leave a Reply