किसानों को समय पर खाद और उर्वरक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें पैक्स प्रबंधक : डॉ. सतीश नारा
कैथल। किसानों को सुगमता से तथा सही समय पर खाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपमंडल कृषि अधिकारी डॉ. सतीश नारा की अध्यक्षता में पैक्स प्रबंधकों एवं उर्वरक कंपनियों इफको और कृभको के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य खाद आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना तथा किसानों को उर्वरकों के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।
डॉ. सतीश नारा ने कहा कि सभी पैक्स प्रबंधक यह सुनिश्चित करें कि कृषि कार्यों के दौरान किसी भी किसान को खाद की कमी का सामना न करना पड़े। किसानों की आवश्यकता के अनुरूप समय पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि खेती संबंधी कार्य प्रभावित न हों।
उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के अंधाधुंध प्रयोग से बचने और उनके संतुलित एवं विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति किसानों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि उर्वरकों के संतुलित उपयोग से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के साथ-साथ खेती की लागत को भी कम किया जा सकता है।
उपमंडल कृषि अधिकारी ने सभी पैक्स प्रबंधकों को खाद की आवक और वितरण से संबंधित रिकॉर्ड का नियमित एवं पारदर्शी तरीके से रखरखाव करने के निर्देश दिए।
बैठक में इफको और कृभको के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी भाग लिया। उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में खाद की निरंतर आपूर्ति बनाए रखी जाएगी तथा इसके वितरण में कृषि विभाग और पैक्स के साथ पूर्ण सहयोग किया जाएगा।
डॉ. सतीश नारा ने कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा खाद वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने और खाद वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।


Leave a Reply