“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

पत्रकार हितों को लेकर एमडब्ल्यूबी ने परिवहन मंत्री अनिल विज को सौंपा मांगपत्र

पत्रकार हितों को लेकर एमडब्ल्यूबी ने परिवहन मंत्री अनिल विज को सौंपा मांगपत्र

चंडीगढ़। मीडिया वेल-बीइंग एसोसिएशन (एमडब्ल्यूबी) ने हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज को पत्रकार हितों से जुड़ा एक विस्तृत मांगपत्र सौंपा है। संगठन ने मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मिलने वाली परिवहन सुविधाओं में विस्तार करने की मांग उठाई है।

एमडब्ल्यूबी के उत्तर भारत अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने बताया कि वर्तमान में मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरियाणा रोडवेज बसों में 4,000 किलोमीटर तक निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलती है, जबकि पुलिस कर्मचारियों को असीमित यात्रा की सुविधा प्राप्त है। उन्होंने मांग की कि पत्रकारों पर लागू किलोमीटर सीमा को समाप्त कर उन्हें भी असीमित निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाए।

मांगपत्र में यह भी कहा गया है कि पहले हरियाणा रोडवेज की डीलक्स और वोल्वो बसों में पत्रकारों के लिए दो सीटें आरक्षित रहती थीं, लेकिन वर्तमान में यह व्यवस्था समाप्त हो चुकी है। संगठन ने सभी रोडवेज बसों में दो सीटें पुनः आरक्षित करने तथा ग्रीन बसों और सभी एसी बसों में भी पत्रकारों को निःशुल्क यात्रा की अनुमति देने की मांग की है।

वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान की अनूठी पहल

चंद्रशेखर धरणी ने बताया कि मीडिया वेल-बीइंग एसोसिएशन वरिष्ठ पत्रकारों के योगदान और त्याग को सम्मान देने के उद्देश्य से प्रत्येक प्रमुख कार्यक्रम में 60 वर्ष से अधिक आयु के तीन वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित करती है। सम्मानित पत्रकारों को संस्था की ओर से नकद सम्मान राशि भी प्रदान की जाती है।

इसके लिए वरिष्ठ पत्रकार दीपक मिगलानी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय अवार्ड चयन समिति गठित की गई है, जो पात्र पत्रकारों का चयन कर संस्था को अनुशंसा भेजती है।

हरियाणा गौरव अवार्ड से प्रतिभाओं का सम्मान

एमडब्ल्यूबी पत्रकारों के अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर हरियाणा का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली प्रतिभाओं को भी “हरियाणा गौरव अवार्ड” से सम्मानित करती है।

निःशुल्क बीमा सुविधा देने वाली अग्रणी संस्था

संगठन अपने सदस्यों को सपरिवार कैशलेस मेडिकल इंश्योरेंस, दुर्घटना बीमा और टर्म इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराता है। संस्था का दावा है कि वह पत्रकारों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के बीमा लाभ उपलब्ध करवाने वाली अग्रणी संस्था है।

हाल ही में संस्था द्वारा करवाई गई एक बीमा पॉलिसी के माध्यम से एक दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार के परिवार को 10 लाख रुपये की सहायता राशि दिलवाई गई, जिससे संगठन की सामाजिक प्रतिबद्धता उजागर हुई है।

आर्थिक सहायता में भी निभा रही महत्वपूर्ण भूमिका

एमडब्ल्यूबी जरूरतमंद पत्रकारों और उनके परिवारों को आर्थिक सहायता भी प्रदान करती है। संस्था के अनुसार पिछले चार वर्षों में हरियाणा और चंडीगढ़ के तीन दर्जन से अधिक पत्रकारों एवं उनके परिवारों को 30 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा चुकी है।

बीमारी, दुर्घटना, पारिवारिक संकट और अन्य आपात परिस्थितियों में संस्था लगातार पत्रकारों के साथ खड़ी रही है। यही कारण है कि आज हजारों पत्रकार इस संगठन से जुड़े हुए हैं और इसे पत्रकार कल्याण के क्षेत्र में एक विश्वसनीय मंच के रूप में देखा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *