“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों का जल्द समाधान करें अधिकारी : डीसी अपराजिता

समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों का जल्द समाधान करें अधिकारी : डीसी अपराजिता

कैथल। डीसी अपराजिता ने कहा कि समाधान शिविरों में प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करें।

शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीसी अपराजिता ने समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने लंबित शिकायतों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का तय समय सीमा के भीतर निपटान किया जाए तथा उसकी रिपोर्ट समय पर पोर्टल पर अपलोड की जाए।

बैठक के दौरान डीसी ने नागरिकों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की गंभीरता से पालना सुनिश्चित की जाए तथा आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न होने दी जाए।

डीसी अपराजिता ने बताया कि जिला एवं उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में सभी विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहते हैं, ताकि नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनका शीघ्र समाधान किया जा सके।

उन्होंने जिला के नागरिकों से भी अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए समाधान शिविरों में पहुंचकर अपनी शिकायतें दर्ज करवाएं और इस व्यवस्था का लाभ उठाएं।

डीसी ने कहा कि समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम हैं। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ सरलता से प्राप्त हो सके।

इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद सुरेश राविश, डीएमसी कपिल शर्मा, ईओ एचएसवीपी वकील अहमद, शुगर मिल एमडी कृष्ण कुमार, सीटीएम कैप्टन प्रमेश कुमार, डीएसपी गुरविंद्र सिंह, डीडीपीओ रितु लाठर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *