“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

समाधान शिविर में एडीसी सुशील कुमार ने सुनी जन शिकायतें, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

समाधान शिविर में एडीसी सुशील कुमार ने सुनी जन शिकायतें, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

कैथल। डीसी अपराजिता के मार्गदर्शन में लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने आमजन की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।

शिविर में भूमि एवं इंतकाल से संबंधित मामले, पंचायत भूमि पर अतिक्रमण, जन्म प्रमाण पत्र में त्रुटि सुधार तथा पेंशन से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। एडीसी ने सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एडीसी सुशील कुमार ने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का एक ही मंच पर सुनवाई कर शीघ्र समाधान उपलब्ध करवाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा में उसका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

शिविर के दौरान भगत सिंह कॉलोनी निवासी शिव कुमार ने पट्टी गाड़ड़ में खरीदी गई भूमि के इंतकाल में त्रुटि की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता के अनुसार रजिस्ट्री के अनुरूप पूरी भूमि दर्ज नहीं हुई है, जिससे उसे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एडीसी ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।

गांव चंदाना से प्राप्त एक शिकायत में तालाब की भूमि पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया। इस पर एडीसी ने संबंधित अधिकारियों को तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनकपुरी कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने अपने पुत्र के जन्म प्रमाण पत्र में माता के नाम की त्रुटि को ठीक करवाने की मांग रखी। वहीं गांव मुंदड़ी निवासी शकुंतला देवी ने लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ मिलने के बाद विधवा पेंशन बंद होने की शिकायत दर्ज करवाई और पेंशन दोबारा शुरू करने की मांग की।

एडीसी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को जन शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता बनाए रखने तथा मौके पर हल होने वाले मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर सहायक आयुक्त (अंडर ट्रेनी) शिवानी पांचाल, सीटीएम कैप्टन प्रमेश कुमार, डीएसपी रमेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *