“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

लंबित राजस्व मामलों का शीघ्र निपटान करें अधिकारी : डीसी अपराजिता

लंबित राजस्व मामलों का शीघ्र निपटान करें अधिकारी : डीसी अपराजिता

📍 कैथल | 🗓️ 2 जून 2026

कैथल: डीसी अपराजिता ने मंगलवार को जिला के राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर निशानदेही, जमाबंदी, इंतकाल, टोकन पेंडेंसी, रिकवरी तथा न्यायालयों में लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी राजस्व मामलों का समयबद्ध निपटान सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।

बैठक के दौरान डीसी ने स्पष्ट कहा कि राजस्व कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने-अपने उपमंडलों में निशानदेही कार्य की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

डीसी ने प्रत्येक तहसीलदार और नायब तहसीलदार को इस सप्ताह के अंत तक अनिवार्य रूप से 5-5 निशानदेही मामलों का निपटान करने के निर्देश दिए। साथ ही शुक्रवार तक सभी तहसीलों से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि कई मामलों में आवेदन प्राप्त होने के बावजूद आवेदकों द्वारा निर्धारित शुल्क जमा नहीं कराया गया है। इस पर डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदकों से संपर्क कर उन्हें कार्यालय बुलाया जाए तथा शुल्क जमा करवाकर सीमांकन संबंधी कार्य पूर्ण कराया जाए।

उन्होंने रिकवरी कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में वसूली की प्रगति संतोषजनक नहीं है, वहां विशेष अभियान चलाकर रिकवरी बढ़ाई जाए। साथ ही न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र निपटान और टोकन पेंडेंसी समाप्त करने के निर्देश भी दिए गए।

डीसी अपराजिता ने कहा कि राजस्व विभाग से जुड़े कार्य सीधे तौर पर आमजन के हितों से संबंधित हैं। इसलिए सभी अधिकारी जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें तथा नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।

बैठक में सहायक आयुक्त (अंडर ट्रेनी) एवं एडीसी डॉ. सुशील कुमार, कैथल एसडीएम संजय कुमार, कलायत एसडीएम अजय हुड्डा, सीटीएम कैप्टन प्रमेश कुमार, डीआरओ चंद्रमोहन सहित तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *