समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित निवारण का सशक्त माध्यम : एसडीएम संजय कुमार
कैथल: डीसी अपराजिता के मार्गदर्शन में लघु सचिवालय स्थित सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एसडीएम संजय कुमार ने आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनका त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीटीएम कैप्टन प्रमेश कुमार तथा डीएसपी सुशील कुमार भी उपस्थित रहे।
एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निवारण का सशक्त माध्यम हैं। सरकार का उद्देश्य नागरिकों को एक ही मंच पर विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों का समाधान उपलब्ध करवाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उसका निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने विभागाध्यक्षों को यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान के बाद पोर्टल पर गुणवत्तापूर्ण एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) अपलोड की जाए, ताकि शिकायत का स्थायी समाधान हो सके और उसे दोबारा खोलने की आवश्यकता न पड़े।
शिविर के दौरान गांव मंझेड़ी के ग्रामीणों ने मार्कंडा नदी क्षेत्र में भूमि कटाव और वर्ष 2022 में बिछाई गई पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने की समस्या उठाई। इस पर एसडीएम ने मामले को सिंचाई विभाग को भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं गांव टीक निवासी दिनेश कुमार ने अपनी कृषि भूमि और गांव से बाहर ढाणी में रहने वाले परिवारों के लिए पेयजल कनेक्शन उपलब्ध करवाने की मांग रखी। एसडीएम ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
गांव राजौंद निवासी राजेश ने अपनी कृषि भूमि की तस्दीक से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर एसडीएम ने राजस्व विभाग को नियमानुसार सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक जिला एवं उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।


Leave a Reply