कोरियर के नाम पर हो सकती है साइबर ठगी, पुलिस ने जारी की चेतावनी
कैथल: साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला पुलिस ने आमजन को कोरियर के नाम पर होने वाली साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि जागरूकता, सावधानी और सतर्कता ही साइबर ठगों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एसपी के मार्गदर्शन में जिलेभर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा स्कूलों तथा कॉलेजों में भी लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि वर्तमान समय में कोरियर के नाम पर वित्तीय ठगी के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। साइबर ठग लोगों को फोन या मैसेज कर बताते हैं कि उनका कोई कोरियर या पासपोर्ट आने वाला है और उसकी डिलीवरी के लिए 5 या 10 रुपये की बकाया राशि जमा करवानी होगी। इसके लिए वे एक लिंक भेजते हैं और उस पर क्लिक कर भुगतान करने के लिए कहते हैं।
उन्होंने बताया कि जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता है, साइबर अपराधी उसकी जानकारी का दुरुपयोग कर नई यूपीआई आईडी बना लेते हैं और उसके बैंक खाते से रकम निकाल सकते हैं। इस प्रकार लोग अपनी मेहनत की कमाई गंवा बैठते हैं।
एसपी ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, बैंक खाता विवरण, यूपीआई पिन या अन्य निजी जानकारी साझा करें। उन्होंने कहा कि आपकी खुद की समझदारी ही साइबर ठगों पर भारी पड़ सकती है।
यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन या वित्तीय धोखाधड़ी होती है तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाए। इसके अलावा साइबर क्राइम थाना या संबंधित थाने में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क पर भी शिकायत दी जा सकती है।


Leave a Reply