“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता से निपटान करें अधिकारी : डीसी अपराजिता

समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता से निपटान करें अधिकारी : डीसी अपराजिता

📍 कैथल | 🗓️ 29 मई 2026

कैथल: उपायुक्त अपराजिता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निपटान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम हैं और इनके माध्यम से लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ सरलता से मिल रहा है।

डीसी शुक्रवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं। इससे पूर्व चंडीगढ़ से उच्च अधिकारियों द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ बैठक कर समाधान शिविरों की प्रगति की समीक्षा की गई।

अपराजिता ने बताया कि जिले में नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों में प्राप्त शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों की लगातार मॉनिटरिंग और समीक्षा की जा रही है, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन किया जाए। प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान किया जाए तथा उसकी रिपोर्ट समय पर पोर्टल पर अपलोड की जाए।

डीसी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं और सेवाओं का लाभ बिना किसी देरी और परेशानी के पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से जिला मुख्यालय एवं उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। आमजन इन शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों का समाधान करवा सकते हैं।

बैठक में सहायक आयुक्त (अंडर ट्रेनी) शिवानी पांचाल, डीएमसी कपिल शर्मा, जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार, एसडीएम संजय कुमार, डीएसपी बीरभान, डीडीपीओ रितु लाठर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *