स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार योजना समाज को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण पहल : विधायक सतपाल जांबा
कैथल: स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा लघु सचिवालय सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूंडरी विधायक सतपाल जांबा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि पूर्व विधायक लीला राम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त अपराजिता ने की।
इस अवसर पर जिला नागरिक अस्पताल में स्थापित स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार महिला क्लीनिक का उद्घाटन किया गया तथा अमृत फार्मेसी स्टोर का शिलान्यास भी किया गया। साथ ही पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वास्थ्य क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 9 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार योजना केवल महिलाओं के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और परिवार को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार की आधारशिला होती हैं और यदि वे स्वस्थ होंगी तो परिवार एवं समाज दोनों सशक्त बनेंगे।
उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत 9 वर्ष से 60 वर्ष तक की किशोरियों और महिलाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इनमें टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच, स्क्रीनिंग, पोषण एवं मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, हेल्प डेस्क सुविधा तथा एनीमिया एवं अन्य गंभीर बीमारियों की जांच शामिल हैं।
पूर्व विधायक लीला राम ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य और कल्याण को लेकर निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नई स्वास्थ्य परियोजनाओं से प्रदेशभर की महिलाओं और किशोरियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
उपायुक्त अपराजिता ने कहा कि बेटियों और महिलाओं से जुड़े कार्यक्रम समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी से महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह, एडीसी डॉ. सुशील कुमार, सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला सहित अनेक अधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Leave a Reply