एआई प्रशिक्षण पत्रकारिता के लिए सराहनीय पहल, मीडिया ने मेरे संघर्ष में निभाई अहम भूमिका : हरविंद्र कल्याण
चंडीगढ़, 29 मई: मीडिया वेलबींग एसोसिएशन (एमडब्ल्यूबी) के तत्वावधान में पंचकूला स्थित रेड बिशप में विशाल पत्रकार सम्मेलन एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, मीडिया की चुनौतियों तथा पत्रकार कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा की गई। सम्मेलन में हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि एआई केवल एक तकनीकी उपकरण है और इसका उपयोग समाज तथा जनकल्याण के लिए सकारात्मक रूप से किया जाना चाहिए। उन्होंने पत्रकारों के लिए एआई प्रशिक्षण शुरू करने की मीडिया वेलबींग एसोसिएशन की पहल को सराहनीय कदम बताया।
हरविंद्र कल्याण ने अपने राजनीतिक जीवन के संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि मीडिया ने उनके सफर में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि समाज को जागरूक करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में पत्रकारों की भूमिका बेहद अहम है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दैनिक ट्रिब्यून के संपादक नरेश कौशल ने की, जबकि दैनिक उत्तम हिन्दू के प्रधान संपादक इरविन खन्ना विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी और वरिष्ठ समाजसेवी अजयवीर सहगल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
सम्मेलन के दौरान पत्रकारों को निःशुल्क कैशलेस हेल्थ, एक्सीडेंटल एवं टर्म इंश्योरेंस पॉलिसियां वितरित की गईं। इसके अलावा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे कई पत्रकारों को संस्था द्वारा आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
मीडिया वेलबींग एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने संस्था की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि संस्था बिना किसी सदस्यता शुल्क के पत्रकारों के हितों के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कई नई योजनाएं शुरू की जाएंगी, जिनसे पत्रकारों को और अधिक लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार मनमोहन सिंह, राममूर्ति शर्मा, मदन आजाद, सोहन सैनी, विजय बजाज और अनिल गोयल सहित कई पत्रकारों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और समाजहित में किए गए कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
प्रधान संपादक इरविन खन्ना ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कार्यों को आसान बना सकता है, लेकिन उसमें मानवीय संवेदनाएं और सामाजिक सरोकार नहीं होते। पत्रकारिता का मूल आधार सत्य, निष्पक्षता, संवेदनशीलता और मानवता है, जिसे किसी तकनीक से प्रतिस्थापित नहीं किया जा सकता।
इस अवसर पर मीडिया वेलबींग एसोसिएशन द्वारा पत्रकारों के लिए एआई ट्रेनिंग कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत भी की गई। संस्था ने घोषणा की कि जल्द ही बड़े स्तर पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे पत्रकार आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग कर सकें।
सम्मेलन का समापन पत्रकार एकता, तकनीकी जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और मीडिया कर्मियों के कल्याण के संकल्प के साथ हुआ।






Leave a Reply