मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण निर्धारित समय सीमा में पूरा करें: एसडीएम संजय कुमार
कैथल, 20 मई: एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि आगामी 5 जून 2026 से मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) शुरू होगा। इस अभियान से संबंधित सभी कार्य चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं।
बुधवार को लघु सचिवालय में आयोजित बैठक में एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले हरियाणा चुनाव आयोग के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर में तैयारियों की समीक्षा की।
एसडीएम ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से प्रत्येक बूथ पर बीएलए-1 और बीएलए-2 की नियुक्ति सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही जिला स्तर पर कॉल सेंटर स्थापित करने और विधानसभा स्तर तक संचार व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि जिले में कैथल, कलायत, गुहला और पूंडरी सहित चार विधानसभा क्षेत्र हैं, जिनमें कुल 807 मतदान केंद्र और 8,08,307 मतदाता हैं। इस पुनरीक्षण अभियान की क्वालिफाइंग तिथि 1 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
बीएलओ का प्रशिक्षण और आवश्यक सामग्री वितरण 5 से 14 जून तक होगा। घर-घर सत्यापन 15 जून से 14 जुलाई तक किया जाएगा। ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई को होगा। दावे और आपत्तियां 21 जुलाई से 20 अगस्त तक प्राप्त की जाएंगी, जबकि उनका निपटारा 18 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 22 सितंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
एसडीएम ने आमजन से अपील की कि वे घर-घर सत्यापन के दौरान बीएलओ और चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों का सहयोग करें तथा सही जानकारी उपलब्ध कराएं। किसी भी जानकारी या समस्या के लिए मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में गुहला एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह, कलायत एसडीएम अजय हुड्डा, डीआईपीआरओ नसीब सैनी, एआईपीआरओ अमित कौशिक और चुनाव कानूनगो राजकुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


Leave a Reply