सीएम विंडो शिकायतों के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डीसी अपराजिता
कैथल, 19 मई: उपायुक्त अपराजिता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से निपटाया जाए और शिकायतकर्ताओं को वास्तविक राहत सुनिश्चित की जाए।
डीसी मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को संबोधित कर रही थीं। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर सभी उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि कैथल जिले में अब तक सीएम विंडो पर कुल 20,413 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 20,106 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है। जिले का कुल डिस्पोजल रेट 98.5 प्रतिशत दर्ज किया गया है।
डीसी ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न हो, बल्कि शिकायतकर्ता को संतोषजनक समाधान मिलना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन शिकायतों को विभागों ने निस्तारित दिखाया है, लेकिन शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं हैं, उनमें से 10 मामलों का रैंडम चयन कर समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शिकायत बंद करने से पहले संबंधित शिकायतकर्ता से सीधे संवाद करना अनिवार्य होगा।
बैठक में एसपी मनप्रीत सिंह, एडीसी डॉ. सुशील कुमार, एसडीएम संजय कुमार, एसडीएम कलायत अजय हुड्डा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply