“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

गर्मी और लू से बचाव के लिए जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, डीसी अपराजिता ने बरतने को कहा विशेष सावधानी

गर्मी और लू से बचाव के लिए जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, डीसी अपराजिता ने बरतने को कहा विशेष सावधानी

📍 कैथल | 🗓️ 17 मई 2026

कैथल, 17 मई 2026: जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। उपायुक्त अपराजिता ने आमजन से विशेष सावधानी बरतने और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

डीसी अपराजिता ने कहा कि बढ़ता तापमान स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। ऐसे में जागरूकता और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और लू के दुष्प्रभावों से स्वयं को सुरक्षित रखें।

उन्होंने बताया कि लू लगने से शरीर में पानी की कमी, चक्कर आना और हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से बीमार व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए, क्योंकि ये वर्ग गर्मी के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं।

डीसी ने सलाह दी कि प्यास न लगने पर भी नियमित रूप से पानी पीते रहें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। यदि दोपहर में बाहर जाना आवश्यक हो तो सिर को टोपी, छाते या गमछे से ढकें और अपने साथ पानी की बोतल अवश्य रखें।

उन्होंने खान-पान में तली-भुनी और बासी चीजों से बचने तथा छाछ, नींबू पानी और ओआरएस का सेवन करने की सलाह दी। साथ ही पशुओं की देखभाल पर भी जोर देते हुए कहा कि उन्हें समय-समय पर पानी पिलाएं और नहलाएं।

लू के प्रमुख लक्षण

• तेज बुखार और लगातार सिरदर्द
• चक्कर आना
• उल्टी या जी मिचलाना
• त्वचा का लाल या सूखा हो जाना
• अत्यधिक पसीना आना या पसीना बंद हो जाना
• सांस या धड़कन का तेज होना

लक्षण दिखने पर क्या करें

यदि किसी व्यक्ति में लू के लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत छायादार और ठंडी जगह पर ले जाएं। शरीर पर ठंडे पानी की पट्टियां रखें। यदि व्यक्ति होश में हो तो उसे पानी या ओआरएस का घोल पिलाएं। स्थिति गंभीर होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *