दमकल कर्मचारियों के समर्थन में उतरी रोडवेज यूनियन, सरकार पर आंदोलन कुचलने का आरोप
प्रेस विज्ञप्ति, कैथल डिपो, 4 मई 2026: कैथल डिपो में आज हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन (रजि. नं. 01) द्वारा फायर ब्रिगेड कर्मचारियों के समर्थन में प्रदर्शन किया गया और ज्ञापन सौंपा गया। यूनियन के डिपो प्रधान अमित कुमार कुंडू की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन कृष्ण गुलियाना ने किया। इस दौरान कर्मचारियों ने हरियाणा सरकार पर आरोप लगाया कि वह अग्निशमन (दमकल) विभाग के कर्मचारियों के आंदोलन को कुचलना चाहती है, जिसे किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान यूनियन नेताओं ने कहा कि सरकार दमकल कर्मचारियों के साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार कर रही है और उनकी हड़ताल को दबाने के लिए हरियाणा रोडवेज के चालकों को बुलाकर विभाग का कार्य चलाने का प्रयास किया जा रहा है। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन (संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा) ने स्पष्ट चेतावनी दी कि वह कर्मचारियों के साथ हो रहे उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं करेगी।
मीडिया को जारी बयान में डिपो प्रधान अमित कुमार, डिपो सचिव कृष्ण गुलियाना और राज्य उप प्रधान विक्रम गुहणा ने कहा कि दमकल विभाग में कार्य करते समय सोनीपत में एक रोडवेज कर्मचारी के पैरों में फ्रैक्चर हो गया, जिसका पूरा इलाज विभाग द्वारा करवाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि दमकल कर्मचारियों ने पहले ही सरकार को अपनी मांगों से अवगत कराया था, जिनमें फरीदाबाद के औद्योगिक क्षेत्र में अग्निकांड के दौरान शहीद हुए दो कर्मचारियों के आश्रितों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग शामिल है। इसके अलावा सभी कर्मचारियों को पुलिस की तर्ज पर 5000 रुपये प्रतिमाह जोखिम भत्ता, समय पर मेडिकल भत्ता, स्थायी नौकरी का दर्जा, वर्दी भत्ता, धुलाई भत्ता और पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने की भी मांग की गई है।
यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार बार-बार बातचीत के बाद भी अपने वादों से पीछे हट रही है और मांगों को लागू नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि विभाग में नियमित भर्ती करने के बजाय रोडवेज कर्मचारियों को अग्निशमन कार्य में लगाया जा रहा है, जबकि रोडवेज विभाग पहले ही कर्मचारियों की कमी से जूझ रहा है।
हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन ने सरकार से मांग की है कि दमकल कर्मचारियों के साथ वार्ता कर उनकी हड़ताल को समाप्त करवाया जाए। अन्यथा यूनियन ने चेतावनी दी कि वह अन्य सरकारी विभागों के साथ मिलकर आंदोलन तेज करेगी और जरूरत पड़ने पर काम छोड़कर चक्का जाम करने के लिए भी बाध्य होगी।
इस अवसर पर अनूप कुमार, सुनील कुमार, कपिल, गौरव, शिशपाल, पवन, ओमप्रकाश, राजेश, वीरेंद्र बालू, अकबर अली, सत्यवान, नरेन्द्र भोंगरा, वीरेंद्र माजरा सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।
जारी कर्ता: कृष्ण गुलियाना, डिपो सचिव, हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन (रजि. नं. 01), संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा।

















Leave a Reply