नारी शक्ति अधिनियम पर कांग्रेस पर बरसे जांबा, कहा—महिलाओं का अपमान किया
कैथल: पूंडरी से विधायक सतपाल जांबा ने विधानसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े प्रस्ताव का पुरजोर समर्थन करते हुए कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा प्रस्ताव का बहिष्कार करना देवी स्वरूप नारी शक्ति का अपमान है।
विधायक जांबा ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा लाया गया यह प्रस्ताव महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए नारी उत्थान बेहद आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यदि देश को आगे बढ़ाना है तो महिलाओं को अधिक अधिकार देने होंगे। विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना समय की मांग है।
जांबा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि विभिन्न कार्यालयों में महिला अधिकारी अपेक्षाकृत अधिक ईमानदारी से कार्य करती हैं और देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि उनके सामाजिक कार्यों में उनकी धर्मपत्नी का बड़ा योगदान है, जो उनका व्यवसाय संभाल रही हैं, जिससे वे समाज सेवा कर पा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि आज हर क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं और शिक्षा के क्षेत्र में भी बेटियां उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष को महिला सशक्तिकरण से डर क्यों लगता है। उन्होंने इसे घोर पाप बताते हुए कहा कि नारी का अपमान करने वालों को इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।
अंत में उन्होंने कहा कि नारी को हमारे शास्त्रों में नारायणी का दर्जा दिया गया है और जब तक समाज अपनी सोच नहीं बदलेगा, तब तक देश को विकसित राष्ट्र नहीं बनाया जा सकता।


Leave a Reply