पेंशनरों की मांगों को लेकर कैथल में आक्रोश प्रदर्शन, प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
कैथल, 21 अप्रैल: अखिल भारतीय राज्य पेंशनर्स फेडरेशन के आह्वान पर कैथल जिले में बड़ी संख्या में रिटायर्ड कर्मचारियों ने प्रधान रमेश हरित की अध्यक्षता में सचिवालय परिसर में आक्रोश प्रदर्शन किया। इसके बाद उपमंडल अधिकारी नागरिक कैथल के माध्यम से प्रधानमंत्री, भारत सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर मांगों के समाधान की अपील की।
पेंशनर्स की मुख्य मांगों में वित्त विधेयक 2025 को रद्द करना तथा आठवें वेतन आयोग के लाभ सभी रिटायर्ड कर्मचारियों को देना शामिल है।
रिटायर्ड कर्मचारी संघ के राज्य उपप्रधान मास्टर गुलाब सिंह, जिला कमेटी नेताओं जसबीर सिंह, धूप सिंह सिरोही, ईश्वर ढांडा, दिलबाग पोलड़, सुरेश पाल शर्मा, बलबीर ढुल, राजकुमार सिसमौर, ईश्वर सिरोही व अनूप सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि रिटायर्ड कर्मचारी वरिष्ठ नागरिक हैं और उन्होंने वर्षों तक विभिन्न विभागों में सेवाएं दी हैं। अब उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने आठवें वेतन आयोग की अधिसूचना से पेंशनरों को बाहर रखकर उनके साथ भेदभाव किया है। उन्होंने मांग की कि अधिसूचना में संशोधन कर पेंशनरों को भी सभी लाभ दिए जाएं। साथ ही पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाए, कम्यूटेशन रिकवरी 11 साल में पूरी की जाए, आयु बढ़ने पर पेंशन में वृद्धि हो तथा सभी पेंशनभोगियों को चिकित्सा बीमा उपलब्ध कराया जाए।
ब्लॉक स्तरीय नेताओं मामूराम सिरोही, रामफल गूहना, सतपाल बेदी, मास्टर रघुबीर करोड़ा, पूर्ण चंद सैनी, विकास आनंद व रामफल गौड़ ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि लंबे समय से उनकी मांगों को अनदेखा किया जा रहा है। उन्होंने सभी प्रकार के वाहनों में किराए में छूट देने और निजी सहकारी बसों में पेंशनरों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार को रोकने की मांग की।
सभा का संचालन सचिव जयप्रकाश शास्त्री ने किया। सर्व कर्मचारी संघ के वरिष्ठ नेता छज्जू राम ने भी कहा कि आने वाले समय में सभी मेहनतकश लोगों को मिलकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने निजीकरण पर रोक लगाने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने और नए लेबर कोड वापस लेने की मांग उठाई।
इस अवसर पर अग्निशमन विभाग के आंदोलनरत कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में प्रस्ताव पारित किया गया तथा कच्चे कर्मचारियों को न्यायालयों के फैसलों के अनुसार स्थायी करने की मांग भी रखी गई।
कार्यक्रम में राजेंद्र कौलेखां, सतबीर मोर, बलदेव सिंह, सूबे सिंह, रामकरण फायर, जयभगवान सैनी, लछमन सिंह, रामपाल रती, मास्टर रिसाल सिंह धनौरी, कर्मबीर कौलेखां, बाबूराम गुप्ता, सिंगारा सिंह, लैप्टन, धूम सिंह राणा, सत्यवान, रमेश गिल, धनपत कौशिक सहित अन्य उपस्थित रहे।
प्रेस नोट जारीकर्ता: जसबीर सिंह, वरिष्ठ उपप्रधान, रिटायर्ड कर्मचारी संघ, कैथल जिला















Leave a Reply