“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल। आर.के.एस.डी. कॉलेज (कॉमर्स) के संध्याकालीन सत्र के एम.कॉम. एवं बी.कॉम. फाइनल के विद्यार्थियों ने जिला उपभोक्ता आयोग, कैथल का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान कुल 42 विद्यार्थियों ने भाग लिया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को उपभोक्ता अधिकारों, शिकायत निवारण प्रक्रिया और उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध करवाना रहा।

वाणिज्य विभाग की अध्यक्षा डॉ. मीनू भूटानी के नेतृत्व में आयोजित इस शैक्षणिक कार्यक्रम में डॉ. ईला गुप्ता और प्रो. रीना मक्कड़ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला उपभोक्ता आयोग की ओर से हर्षिता मेहता और सदस्य रमेश कुमार ने विद्यार्थियों को आयोग की कार्यप्रणाली, उपभोक्ता शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा उपभोक्ताओं को प्राप्त अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

विद्यार्थियों ने जानी उपभोक्ता शिकायत निवारण प्रक्रिया

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने आयोग में चल रही विभिन्न शिकायतों तथा उनके निपटान की प्रक्रिया को नजदीक से देखा। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से संवाद करते हुए उपभोक्ता कानून से जुड़े विभिन्न सवाल भी पूछे और अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया।

इस दौरान एडवोकेट उमेश मलिक, सचिव नीना शर्मा, उपाध्यक्ष अनिल सैनी, सीनियर एडवोकेट प्रमोद शर्मा, सचिन मित्तल और एडवोकेट ऋतुराज ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की उपभोक्ता शिकायत होने पर उपलब्ध कानूनी प्रक्रिया का सही तरीके से उपयोग करने की जानकारी दी।

विद्यार्थियों को मिला व्यावहारिक ज्ञान

कॉलेज प्रबंधन की ओर से कहा गया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी होते हैं, क्योंकि इससे उन्हें कक्षा में पढ़ाए जाने वाले पाठ्यक्रम को वास्तविक परिस्थितियों से जोड़कर समझने का अवसर मिलता है। विशेष रूप से वाणिज्य के विद्यार्थियों के लिए उपभोक्ता संरक्षण और शिकायत निवारण व्यवस्था की प्रत्यक्ष जानकारी उनके व्यावहारिक ज्ञान को मजबूत करती है।

ऐसे आयोजनों के लिए आर.के.एस.डी. कॉलेज प्रबंधन समिति के प्रधान अश्विनी शौरेवाला और उनकी पूरी टीम की ओर से समय-समय पर विद्यार्थियों को प्रेरणा मिलती रहती है।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल तथा संध्याकालीन सत्र के प्राचार्य प्रभारी डॉ. हरिंदर गुप्ता ने सफल आयोजन के लिए वाणिज्य विभाग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को भविष्य में भी पाठ्यक्रम से संबंधित महत्वपूर्ण संस्थानों और स्थानों के शैक्षणिक भ्रमण के अवसर निरंतर प्रदान किए जाएंगे, ताकि वे अपने विषय का व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने के साथ-साथ अपने उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक और सजग बन सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *