हिमांशु ढिल्लो का कैथल में भव्य सम्मान, नवीन जिन्दल को बताया मार्गदर्शक; एशियन गेम्स में जीते दो रजत पदक
कैथल, 26 सितंबर। जापान में आयोजित एशियन गेम्स में 10 मीटर एयर राइफल की व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा में दो रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले कैथल के युवा निशानेबाज हिमांशु ढिल्लो का शनिवार को जिन्दल हाउस कैथल में भव्य अभिनंदन किया गया। सांसद नवीन जिन्दल की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में क्षेत्रवासियों ने हिमांशु ढिल्लो का ढोल-नगाड़ों की थाप और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया।
2018 में देखा था देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने का सपना
सम्मान समारोह में हिमांशु ढिल्लो ने कहा कि उन्होंने वर्ष 2018 में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने का सपना देखा था। इस लक्ष्य को हासिल करने के सफर में उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन सांसद नवीन जिन्दल से संपर्क होने के बाद उनके खेल जीवन को नई दिशा मिली।
हिमांशु ने कहा कि नवीन जिन्दल ने उन्हें आर्थिक सहयोग देने के साथ-साथ शूटिंग से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स और लगातार प्रोत्साहन दिया। उनके शब्द हमेशा प्रेरणा का स्रोत बने रहे। नवीन जिन्दल ने उन्हें हार-जीत की चिंता किए बिना मेहनत, खेल और अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
नवीन जिन्दल को बताया अपना मार्गदर्शक
हिमांशु ढिल्लो ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल स्वयं निशानेबाजी के खिलाड़ी रहे हैं। ऐसे में उन्हें एक खिलाड़ी के तौर पर एकाग्रता, निशानेबाजी और खेल के नियमों से जुड़े महत्वपूर्ण मार्गदर्शन का लाभ मिला।
उन्होंने सांसद नवीन जिन्दल और अपने पिता शमशेर सिंह को अपना प्रेरणास्रोत बताया। हिमांशु ने कहा कि उनके पिता ने हमेशा आगे बढ़ने का हौसला दिया, जबकि नवीन जिन्दल ने उनके करियर में एक मार्गदर्शक की भूमिका निभाई। दोनों के प्रोत्साहन और सहयोग ने उन्हें अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की ताकत दी।
खिलाड़ियों को आगे बढ़ाना प्राथमिकता : नवीन जिन्दल
समारोह में सांसद कार्यालय कैथल के प्रभारी रविन्द्र धीमान ने सांसद नवीन जिन्दल की ओर से हिमांशु ढिल्लो और उनके परिवार के लिए भेजा गया शुभकामना संदेश पढ़कर सुनाया।
नवीन जिन्दल ने अपने संदेश में कहा कि हिमांशु ढिल्लो ने एशियन गेम्स में दो रजत पदक जीतकर कैथल, हरियाणा और देश का गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि उनकी मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।
उन्होंने हिमांशु के माता-पिता को भी बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ी की सफलता में परिवार के निरंतर प्रोत्साहन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं एक खिलाड़ी हैं और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में रहा है।
नवीन जिन्दल ने कहा कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि हिमांशु ढिल्लो आने वाले समय में भी देश के लिए अनेक पदक जीतकर कैथल, हरियाणा और भारत का नाम रोशन करेंगे।
समारोह में ये लोग रहे मौजूद
सम्मान समारोह में हिमांशु ढिल्लो के माता-पिता शमशेर सिंह और सुमन, एडवोकेट मनोज दुआ, नसीब कक्हेड़ी, शैली मुंजाल, अक्षरा गुप्ता, कमलजीत कौर, संदीप ढुल, चेयरमैन राज किशन राणा, मंडल अध्यक्ष राजीव राजपूत, अमरजीत कसान, गुरनाम कसान, चमकीला हंस, मंगू बाजीगर, कृष्ण बंसल, पुंडरी हल्का प्रभारी अरविंद गोलन, गुहला हल्का प्रभारी कर्मवीर सिसोदिया और कलायत हल्का प्रभारी वीरेंद्र सारण सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।


Leave a Reply