“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को आगे

नवीन जिन्दल और सावित्री जिन्दल ने एशियाई खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित, 1 नवंबर से शुरू होने वाले सांसद खेल महोत्सव में युवाओं से भाग लेने की अपील

कैथल, 17 अक्टूबर। सांसद नवीन जिन्दल और पूर्व मंत्री एवं हिसार की विधायक सावित्री जिन्दल ने एशियाई खेलों में देश का नाम रोशन करने वाले हरियाणा के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें शानदार उपलब्धियों के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इन खिलाड़ियों ने एशियाई खेलों में 14 स्वर्ण पदकों सहित कुल 32 पदक जीतकर भारत और हरियाणा का गौरव बढ़ाया है।

खिलाड़ियों का संघर्ष और समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत: नवीन जिन्दल

पदक विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात के दौरान सांसद नवीन जिन्दल ने उनके प्रशिक्षण, संघर्ष, खेल के प्रति समर्पण और भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां साबित करती हैं कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और निरंतर मेहनत के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

नवीन जिन्दल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करने के लिए शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक मजबूती, अनुशासन और नियमित अभ्यास भी बेहद जरूरी हैं। खिलाड़ियों का समर्पण और उनकी उपलब्धियां युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा देती हैं।

एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं नवीन जिन्दल

खेलों के प्रति अपने अनुभव साझा करते हुए सांसद नवीन जिन्दल ने बताया कि वर्ष 2002 के एशियाई खेलों में निशानेबाजी में भारत का प्रतिनिधित्व करने के कारण वह खिलाड़ियों के संघर्ष और चुनौतियों को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन में निरंतर सुधार करने और बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए मेहनत करते रहना चाहिए।

1 नवंबर से शुरू होगा सांसद खेल महोत्सव 2026

सांसद नवीन जिन्दल ने कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवाओं से 1 नवंबर से आयोजित होने वाले सांसद खेल महोत्सव 2026 में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और सांसद खेल महोत्सव में उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें। इस तरह के आयोजन युवाओं को अपनी क्षमता पहचानने, खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और भविष्य में बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं।

खेलों से बनेगा स्वस्थ और नशामुक्त समाज

नवीन जिन्दल ने कहा कि उनका प्रयास है कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर मिलें। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि खेलों से जुड़कर युवा न केवल अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि समाज को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में भी योगदान दे सकते हैं। सांसद खेल महोत्सव इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना और खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना है।

सांसद नवीन जिन्दल ने विश्वास जताया कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवा अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के बल पर नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे तथा अपने परिवार, क्षेत्र और देश का नाम रोशन करेंगे।