“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल/कलायत, 24 सितंबर। विदेश भेजने के नाम पर 13 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में कैथल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भगोड़े आरोपी पवन कुमार उर्फ बंटी निवासी कलायत को नई दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। इस मामले में तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर थाना कलायत प्रभारी पीएसआई अमन कुमार की अगुवाई में एएसआई बलजोर सिंह की टीम ने की।
विदेश भेजने के नाम पर 13 लाख रुपये लेने का आरोप
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, बाता गांव निवासी रवि कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके दोस्त पवन कुमार के पिता ज्ञान सिंह ने उसे विदेश भेजने का भरोसा दिया था। शिकायत के अनुसार, 23 जुलाई 2023 को ज्ञान सिंह, उसकी पत्नी और पवन की पत्नी शर्मिला रवि के घर पहुंचे और विदेश भेजने के नाम पर उससे 8 लाख रुपये लिए।
इसके बाद रवि की बातचीत मंगू नाम के एक कथित एजेंट से कराई गई। आरोप है कि एजेंट ने उसे दुबई के रास्ते इंग्लैंड भेजने का भरोसा दिया। 24 जुलाई को मंगू ने टिकट भेजकर रवि को दिल्ली से दुबई भेजा, लेकिन बाद में उसे रूस पहुंचा दिया गया। वहां कथित तौर पर उसे आर्मी ने पकड़ लिया और जेल में बंद कर दिया।
परिवार से भी मांगे गए 5 लाख रुपये
शिकायत के अनुसार, इस दौरान ज्ञान सिंह और शर्मिला ने रवि के परिवार को बताया कि वह सुरक्षित है और जल्द ही उसे काम मिल जाएगा। इसके बाद परिवार से 5 लाख रुपये और मांगे गए। रवि की मां ने यह रकम मंगू के खाते में जमा कर दी।
बाद में रवि को रूस से गोवा डिपोर्ट कर दिया गया। भारत लौटने के बाद उसकी ज्ञान सिंह से बातचीत हुई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसे कैथल बस स्टैंड पर बुलाकर पासपोर्ट में छेड़छाड़ की गई और हैदराबाद जाने के लिए कहा गया। वहां भी उसे दुबई जाने की अनुमति नहीं मिली और पासपोर्ट में गड़बड़ी बताई गई।
पैसे वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, भारत वापस आने के बाद जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने गैंगस्टरों से जान-पहचान होने की बात कहते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर थाना कलायत में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस जांच में पवन कुमार उर्फ बंटी की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद उसकी गिरफ्तारी की गई।
तीन आरोपी पहले गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, फरार चल रहे पवन कुमार उर्फ बंटी को पुलिस टीम ने नई दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। अदालत में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *