कैथल, 8 जुलाई। जिले के प्रतिभाशाली बच्चों के लिए एक सुनहरा अवसर है। उपायुक्त अपराजिता ने बताया कि भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक एवं पात्र बच्चे 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
डीसी ने बताया कि इस प्रतिष्ठित पुरस्कार का उद्देश्य उन बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करना है, जिन्होंने कम आयु में अपनी असाधारण प्रतिभा, साहस और उपलब्धियों से समाज में प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष पुरस्कार के लिए छह प्रमुख श्रेणियां निर्धारित की गई हैं, जिनमें बहादुरी, समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी शामिल हैं। इन क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले और 31 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष से कम आयु के बच्चे आवेदन के पात्र हैं।
डीसी अपराजिता ने जानकारी दी कि नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। आवेदन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर किए जा सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी https://awards.gov.in के माध्यम से अपना आवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा करें।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों की पहचान करें, जिन्हें उनकी उपलब्धियों के अनुरूप अभी तक व्यापक पहचान नहीं मिल सकी है। साथ ही बालिकाओं, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग, कमजोर वर्गों तथा दिव्यांग बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें आवेदन के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
डीसी ने अभिभावकों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों से भी अपील की है कि वे योग्य बच्चों को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान के लिए आवेदन करने हेतु प्रोत्साहित करें, ताकि जिले की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
Tags: प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026, PM Rashtriya Bal Puraskar, Awards.gov.in, ऑनलाइन आवेदन, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, कैथल, डीसी अपराजिता, बाल पुरस्कार, Haryana News, Kaithal News




Leave a Reply