21 जून को जिले के 5 परीक्षा केंद्रों पर होगी नीट परीक्षा, 1841 परीक्षार्थी होंगे शामिल : डीसी अपराजिता
कैथल। उपायुक्त अपराजिता ने कहा कि 21 जून को जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर नीट परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें 1841 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीसी अपराजिता शनिवार को आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रही थीं। इससे पूर्व चंडीगढ़ से उच्च अधिकारियों द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से परीक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली आपूर्ति और परीक्षार्थियों की सुविधाओं से संबंधित सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
एडीसी सुशील कुमार बनाए गए नोडल अधिकारी
डीसी ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए एडीसी डॉ. सुशील कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा 8 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं, जिनमें से 3 को रिजर्व रखा गया है।
परीक्षार्थियों की सहायता के लिए परीक्षा दिवस पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी। हेल्प डेस्क का संपर्क नंबर 01746-234203 रहेगा। उन्होंने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की ताकि फ्रिस्किंग और अन्य औपचारिकताओं में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम
डीसी अपराजिता ने पुलिस विभाग को सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रश्न पत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित परिवहन एवं भंडारण के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का ट्रायल भी समय रहते पूरा किया जाए। साथ ही एडमिट कार्ड की गहन जांच और परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग पूरी सतर्कता के साथ की जाए।
बस, बिजली और पेयजल की व्यवस्था रहेगी सुचारू
डीसी ने रोडवेज विभाग को निर्देश दिए कि परीक्षा दिवस पर बस सेवाओं का संचालन सुचारू रखा जाए तथा बस स्टैंड से परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों के लिए पर्याप्त परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाई जाए।
इसके अलावा उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम को सभी केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जिला शिक्षा विभाग को स्वच्छ पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न होनी चाहिए।
जिले में बनाए गए पांच परीक्षा केंद्र
- डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, जगदीशपुरा
- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कमेटी चौक
- जवाहर नवोदय विद्यालय, तितरम
- पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जाखोली अड्डा
- राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गीता भवन








Leave a Reply