तेज तूफान से रोहिल फूड प्राइवेट लिमिटेड की चिमनी गिरी, लाखों रुपये का नुकसान
कैथल: कुतुबपुर रोड स्थित रोहिल फूड प्राइवेट लिमिटेड को 28 मई की रात आए तेज तूफान के कारण भारी नुकसान का सामना करना पड़ा। तेज हवाओं और खराब मौसम के चलते फैक्ट्री की चिमनी क्षतिग्रस्त होकर गिर गई, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
कंपनी के अकाउंटेंट राजेश ने बताया कि वे प्रतिदिन की तरह सुबह जब फैक्ट्री पहुंचे तो देखा कि रात के दौरान आए तेज तूफान की वजह से फैक्ट्री की चिमनी ऊपर से टूटकर गिर गई है।
उन्होंने बताया कि घटना के कारण उत्पादन कार्य प्रभावित हुआ है और फैक्ट्री को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार नुकसान लाखों रुपये में है।
गनीमत यह रही कि घटना रात के समय हुई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा क्षति का आंकलन किया जा रहा है तथा मरम्मत कार्य की तैयारी शुरू कर दी गई है।
क्षेत्र में आए तेज तूफान के कारण कई स्थानों पर पेड़ और अन्य ढांचे भी प्रभावित हुए हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि रात के समय हवाओं की गति काफी तेज थी, जिससे कई जगह नुकसान की खबरें सामने आई हैं।


Leave a Reply