शहर के हर पार्क में स्थापित होगी योग कक्षा, रामप्रताप गोयल ने की घोषणा
कैथल। आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर शहर में योग जागरूकता अभियान तेज़ हो गया है। सेक्टर-20 हुड्डा पार्क में आयोजित सह योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर एवं सर्व रोग निदान शिविर के 11वें दिन समाजसेवी एवं सेक्टर-20 के पूर्व प्रधान रामप्रताप गोयल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर युवा भारत के जिला प्रभारी अनिल गुप्ता ने प्रतिभागियों को प्राणायाम के साथ-साथ शुगर रोगियों के लिए लाभकारी मंडूकासन, शशकासन, उष्ट्रासन, वक्रासन और गोमुखासन का अभ्यास करवाया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति न केवल रोगमुक्त जीवन की ओर बढ़ता है, बल्कि प्रकृति और परमात्मा के साथ उसका गहरा जुड़ाव भी स्थापित होता है।
मुख्य अतिथि रामप्रताप गोयल ने कहा कि पतंजलि योग समिति और सालासर खाटू श्याम सेवा समिति योग के प्रचार-प्रसार में सराहनीय कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि योग एक दिव्य जीवनशैली है, जिसे अपनाकर व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी सकारात्मक बनता है।
उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि भविष्य में शहर के प्रत्येक पार्क में योग कक्षाएं स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग योग से जुड़कर स्वस्थ जीवन जी सकें। उन्होंने योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए योग गुरु स्वामी रामदेव के प्रयासों की भी सराहना की और शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे साधकों का अभिनंदन किया।
भारत स्वाभिमान के प्रभारी एवं शिविर संयोजक रामचरण ने कहा कि योग किसी एक वर्ग या धर्म तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समस्त मानव समाज के लिए समान रूप से उपयोगी है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से मनुष्य के भीतर मौजूद घृणा, ईर्ष्या, अहंकार और क्रोध जैसी नकारात्मक प्रवृत्तियों पर नियंत्रण पाया जा सकता है।
उन्होंने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में योग शिविर से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि योग के माध्यम से अनेक लोगों को विभिन्न बीमारियों में लाभ मिल रहा है।
खाटू श्याम सालासर सेवा समिति के प्रधान मनोज सिंगला ने जानकारी दी कि 21 जून 2026 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य आयोजन सेक्टर-20 पार्क में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को अर्जुन की छाल का काढ़ा भी पिलाया गया, जिसे हृदय स्वास्थ्य और कोलेस्ट्रॉल नियंत्रण के लिए लाभकारी माना जाता है। वहीं गौतम अग्रवाल की ओर से प्रसाद की व्यवस्था की गई।
शिविर के सफल आयोजन में भारत स्वाभिमान के कोषाध्यक्ष बदन सिंह आर्य, तहसील प्रभारी बीरभान कौशिक, अनिल आर्य, नरेश पवार, मास्टर हरदीप, रामफल, सतपाल गुप्ता, विनोद गर्ग, प्रेम जांगड़ा और सुरेश सैनी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सहयोग दिया।
इस अवसर पर पंकज मित्तल, राजकुमार शर्मा, पवन गोयल, शिव कुमार बंसल समेत सैकड़ों योग साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।












Leave a Reply