“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

📍 कैथल | 🗓️ 25 मई 2026

कैथल, 25 मई: लघु सचिवालय स्थित सभागार में सोमवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें नागरिकों की विभिन्न समस्याओं की सुनवाई की गई। डीसी अपराजिता के मार्गदर्शन में सहायक आयुक्त (अंडर ट्रेनी) शिवानी पांचाल और एसडीएम संजय कुमार ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इनमें मुख्य रूप से परिवार पहचान पत्र में त्रुटियां, जल निकासी, पेयजल व्यवस्था, पेंशन तथा अन्य जनसुविधाओं से संबंधित शिकायतें शामिल रहीं।

सहायक आयुक्त शिवानी पांचाल और एसडीएम संजय कुमार ने एक-एक कर सभी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसडीएम संजय कुमार ने अधिकारियों से कहा कि समाधान शिविर में आने वाली प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निपटारा किया जाए और समाधान में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कहा कि आमजन को प्रशासनिक कार्यों की सही जानकारी उपलब्ध करवाई जाए ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।

उन्होंने कहा कि समाधान शिविर आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम साबित हो रहे हैं और नागरिकों को इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *