कैथल। देशभक्ति और सैनिक सेवा की भावना से ओत-प्रोत सैनिक परिवार के मुखिया पूर्व सैनिक सूबेदार मेजर रामकुमार का 87 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उन्होंने अपने निवास स्थान पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल के पदाधिकारी और आसपास के पूर्व सैनिक उनके निवास स्थान पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
पूर्व सैनिक सूबेदार मेजर रामकुमार ने आर्मी मेडिकल कोर में अपनी सेवाएं दी थीं। उन्होंने स्वयं देश की सेवा करने के बाद अपने पुत्र पूर्व सैनिक सूबेदार नरेंद्र सिंह को भी सेना में भेजा। वर्तमान में उनके पोते हवलदार नरदीप सिंह आर्मी एजुकेशन कोर में सेवाएं दे रहे हैं। इस प्रकार उनका परिवार कई पीढ़ियों से देश सेवा से जुड़ा हुआ है।
तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर, पूर्व सैनिकों ने दी श्रद्धांजलि
पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान जगजीत फौजी के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों ने सूबेदार मेजर रामकुमार के पार्थिव शरीर पर तिरंगा ओढ़ाया। इस दौरान कैप्टन राजेंद्र राणा, रिसालदार कर्मवीर भाल, सूबेदार बलबीर माजरा, हवलदार राजपाल बालू, सूबेदार हरिपाल, सूबेदार रामकुमार और हवलदार सतपाल सहित अनेक पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
इसके बाद सभी पूर्व सैनिक अंतिम यात्रा में शामिल हुए। श्मशान घाट पहुंचने पर एसोसिएशन प्रधान जगजीत फौजी की ओर से रीट चढ़ाई गई। पूर्व सैनिकों, पारिवारिक सदस्यों, सगे-संबंधियों और ग्रामीणों ने पुष्प अर्पित कर दिवंगत सूबेदार मेजर रामकुमार को श्रद्धांजलि दी।
पुत्रों को सौंपा तिरंगा
अंतिम संस्कार के दौरान तिरंगा उनके पुत्र पूर्व सैनिक सूबेदार नरेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह को सामूहिक रूप से भेंट किया गया। एसोसिएशन प्रधान जगजीत फौजी ने कहा कि यह तिरंगा सैनिक परिवार को हमेशा सूबेदार मेजर रामकुमार की याद दिलाता रहेगा।
उन्होंने कहा कि सैनिक के लिए तिरंगा सर्वोच्च सम्मान और देश सेवा का प्रतीक है। सैनिक देश और मातृभूमि की सेवा के लिए अंतिम सांस तक अपने कर्तव्य पर डटा रहता है। सूबेदार मेजर रामकुमार का परिवार भी इसका उदाहरण है, जहां उन्होंने स्वयं सेना में सेवा की और अपने बेटे तथा पोते को भी देश सेवा के लिए प्रेरित किया।
पोता ड्यूटी के कारण नहीं पहुंच सका अंतिम दर्शन के लिए
एसोसिएशन प्रधान ने बताया कि सूबेदार मेजर रामकुमार के पोते हवलदार नरदीप सिंह वर्तमान में आर्मी एजुकेशन कोर में देश सेवा कर रहे हैं। ड्यूटी पर होने के कारण वे अपने दादा के अंतिम दर्शन के लिए भी नहीं पहुंच सके। उन्होंने कहा कि एक सैनिक के लिए देश सेवा और अपनी ड्यूटी सर्वोपरि होती है और हवलदार नरदीप सिंह ने भी अपने कर्तव्य को प्राथमिकता देते हुए इसका उदाहरण प्रस्तुत किया।
इसके बाद दिवंगत सूबेदार मेजर रामकुमार के पुत्रों ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, परिवार के सदस्य, सगे-संबंधी और गांव के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सूबेदार तेजपाल, सूबेदार जिले सिंह, सूबेदार शमशेर सिंह, हवलदार जोगिंदर सिंह, सूबेदार मेजर हंसराज, हवलदार शीशपाल, हवलदार यशपाल, सूबेदार मेजर विजय सिंह, कैप्टन महेंद्र सिंह, हवलदार रंगी राम, हवलदार मेहर सिंह, हवलदार राज सिंह और हवलदार अशोक कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


Leave a Reply