पतंजलि योग समिति का 15 दिवसीय योग शिविर शुरू, सेक्टर-20 में बनेगा योग हॉल
कैथल: पतंजलि योग समिति की ओर से मंगलवार को हुड्डा सेक्टर-20 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में 15 दिवसीय सहयोग प्रशिक्षक योग शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध समाजसेवी एवं राजनीतिज्ञ सुरेश गर्ग नौच ने शिरकत की।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी हरिओम, भारत स्वाभिमान प्रभारी रामचरण आर्य, कोषाध्यक्ष बदन सिंह, युवा भारत जिला प्रभारी अनिल गुप्ता, शहरी प्रभारी अनिल राणा तथा तहसील प्रभारी बीरभान ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान रामचरण आर्य ने विभिन्न योगासन करवाए तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित योग और प्राणायाम के माध्यम से अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है और स्वस्थ जीवन शैली अपनाई जा सकती है।
मुख्य अतिथि सुरेश गर्ग नौच ने कहा कि उन्होंने स्वयं भी योग और प्राणायाम के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किए हैं। उन्होंने घोषणा की कि सेक्टर-20 में योग साधकों की सुविधा के लिए लगभग 21 लाख रुपये की लागत से एक विशेष योग हॉल का निर्माण करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शहर में विभिन्न विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसके तहत हुड्डा सेक्टर की सड़कों का पुनर्निर्माण तथा सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए भी कार्य किए जाएंगे।
युवा भारत के जिला प्रभारी अनिल गुप्ता ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग हॉल बनने से योग कक्षाएं सर्दियों और बरसात के मौसम में भी नियमित रूप से संचालित हो सकेंगी।
इस अवसर पर श्री सालासर खाटू श्याम सेवा समिति के प्रधान मनोज सिंगला, राजीव चौधरी, भीमसेन बधवा, चिराग बंसल, प्रकाश बंसल सहित पतंजलि योग समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे।


Leave a Reply