“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने सपनों को साकार करें युवा : डीसी अपराजिता

नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने सपनों को साकार करें युवा : डीसी अपराजिता

ड्रग फ्री हरियाणा अभियान के तहत कैथल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का दिया संदेश

कैथल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नशा मुक्त हरियाणा के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा 11 जून से 26 जून तक ड्रग फ्री हरियाणा अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में वीरवार को हिन्दू गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल कैथल में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें उपायुक्त अपराजिता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

कार्यक्रम का आयोजन पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल की प्रेरणा, एडीजीपी संजय कुमार के मार्गदर्शन तथा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के संयोजन में किया गया। इस अवसर पर डीएसपी सुशील प्रकाश ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

किशोरावस्था में लिए गए निर्णय तय करते हैं भविष्य

उपायुक्त अपराजिता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किशोरावस्था जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दौर होता है। इस दौरान लिए गए छोटे-छोटे निर्णय व्यक्ति के पूरे भविष्य की दिशा निर्धारित करते हैं। उन्होंने कहा कि जीवन केवल भाग्य से नहीं बल्कि सही और गलत निर्णयों से बनता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यदि कोई मित्र नशे जैसी गलत आदत अपनाने के लिए प्रेरित करे तो ऐसे मित्रों से दूरी बना लेनी चाहिए। इस उम्र में लिया गया सही निर्णय जीवन को सफलता की ओर ले जाता है।

नशे की गिरफ्त से निकलना होता है कठिन

डीसी अपराजिता ने कहा कि एक बार यदि कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में आ जाता है तो उससे बाहर निकलना बेहद कठिन हो जाता है। नशा व्यक्ति के भविष्य को कई वर्षों पीछे धकेल देता है और उसके जीवन पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। इसलिए आज सही निर्णय लेना ही सबसे बड़ी समझदारी है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता का विश्वास बनाए रखने, उनकी बातों का सम्मान करने और अनुशासित जीवन अपनाने का आह्वान किया।

पढ़ाई और खेलकूद में मेहनत करने का आह्वान

उपायुक्त ने विद्यार्थियों से पढ़ाई, खेलकूद तथा अन्य सकारात्मक गतिविधियों में पूरी मेहनत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य में राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी संभालेंगे और समाज को नई दिशा देंगे।

नशे के दुष्प्रभावों की दी विस्तृत जानकारी

कार्यशाला के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, उसके स्वास्थ्य एवं सामाजिक नुकसान तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

कई अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति रहे उपस्थित

कार्यक्रम में डीएसपी रमेश चंद्र, इफको हरियाणा के एरिया मैनेजर देवी दयाल, डॉ. प्रमिला रेढू, हारट्रोन एडवांस स्किल सेंटर के प्रमुख डॉ. बलविंदर ढुल, चीफ कोऑर्डिनेटर पंकज आत्रेय, एसएचओ सिविल लाइन इंस्पेक्टर रमेश चंद्र, हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के इंस्पेक्टर मंजीत, एसआई सतीश, एएसआई नरेश, एएसआई अमन सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पुलिस मुख्यालय पंचकूला के कम्युनिटी आउटरीच प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने किया।

सिरसा से शुरू होकर फरीदाबाद में होगा अभियान का समापन

ड्रग फ्री हरियाणा अभियान का शुभारंभ चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय सिरसा से किया गया था। इसके बाद विभिन्न जिलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत 20 जून को झज्जर, 22 जून को सोनीपत, 23 जून को गुरुग्राम तथा 26 जून को फरीदाबाद में समापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशा मुक्त हरियाणा के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *