कैथल, 22 अक्टूबर 2026। बिजली कर्मचारियों की 22 से 24 अक्टूबर तक प्रस्तावित हड़ताल के मद्देनजर कैथल जिला प्रशासन बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए अलर्ट है। इसी कड़ी में डीसी अपराजिता ने वीरवार को लघु सचिवालय के निकट सेक्टर-19 स्थित 33 केवी बिजली सब-स्टेशन का निरीक्षण किया और बिजली व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन ने बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक स्टाफ और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।
निरीक्षण के दौरान बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता भूपेंद्र सिंह और प्रदीप श्योकंद भी मौजूद रहे। डीसी अपराजिता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली आपूर्ति पर लगातार निगरानी रखी जाए और तकनीकी खराबी या किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी प्रबंध किए जाएं।
उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक माध्यमों से समस्या का जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान अधीक्षक अभियंता ने सब-स्टेशन की कार्यप्रणाली, क्षमता, फीडर नियंत्रण और बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए किए गए वैकल्पिक प्रबंधों की जानकारी दी।
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर पावर स्टेशनों पर अधिकारियों की ड्यूटी
डीसी अपराजिता ने बताया कि जिले में बिजली व्यवस्था बनाए रखने के लिए 132 केवी और 11 केवी सहित विभिन्न पावर स्टेशनों पर वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। बिजली से जुड़े बुनियादी ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पावर स्टेशनों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है।
प्रशासन का प्रयास है कि हड़ताल के दौरान आम नागरिकों को बिजली संबंधी समस्याओं का सामना कम से कम करना पड़े और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कैथल में बिजली की समस्या होने पर 1950 या 112 पर दें सूचना
डीसी अपराजिता ने आमजन से अपील की कि आसपास ट्रांसफॉर्मर, बिजली की लाइन या किसी फेज से संबंधित समस्या आने पर हेल्पलाइन नंबर 1950 या आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दें।
उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति से जुड़ी छोटी-बड़ी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान करने के प्रयास किए जाएंगे। बिजली बहाल करने में कुछ समय लग सकता है, लेकिन संबंधित टीमें समस्याओं को दूर करने के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगी।
आईटीआई, पॉलिटेक्निक और ठेकेदारों के माध्यम से वैकल्पिक स्टाफ की व्यवस्था
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान बिजली व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने वैकल्पिक प्रबंध किए हैं। इसके तहत आईटीआई, पॉलिटेक्निक संस्थानों और ठेकेदारों के माध्यम से भी वैकल्पिक स्टाफ की व्यवस्था की गई है। यह स्टाफ बिजली आपूर्ति बहाल रखने और तकनीकी समस्याओं के समाधान में सहयोग कर रहा है।
बिजली कर्मचारियों से अस्पतालों और स्कूलों की बिजली बाधित न करने की अपील
डीसी अपराजिता ने बिजली कर्मचारियों से अपील की कि वे अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से सरकार के समक्ष रखें। साथ ही अस्पतालों, स्कूलों और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों की बिजली आपूर्ति बाधित न होने दें।
उन्होंने कहा कि इन संस्थानों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से आमजन, बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों को परेशानी हो सकती है। इसलिए आवश्यक सेवाओं को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारी से कार्य करना जरूरी है।
जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि कैथल में बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है और आमजन की सुविधा के लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाओं के माध्यम से बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान करने के प्रयास जारी रहेंगे।

