कैथल, 11 जुलाई। जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कैथल पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार कार्रवाई करते हुए स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (SDU) ने थाना पुंडरी क्षेत्र से एक युवक को .315 बोर के अवैध देसी कट्टे सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल महेंद्र पाल अपनी टीम के साथ अपराधियों की धरपकड़ और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी के लिए गश्त पर थे। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि गांव हजवाना निवासी दिलबाग उर्फ विक्की मुंदड़ी नहर पुल के पास अवैध हथियार के साथ किसी वाहन का इंतजार कर रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पुंडरी में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मौके पर पहुंचे एचसी देवेंद्र ने आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करेगी तथा उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने अवैध हथियार कहां से प्राप्त किया और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था।
कैथल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Keywords: Kaithal News, Kaithal Police, Illegal Weapon, Desi Katta Recovered, SDU Kaithal, Pundri News, Arms Act, Crime News Haryana, Kaithal Crime News, Manpreet Singh Sudan, Special Detective Unit Kaithal.


Leave a Reply