जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें : वरिंदर सिंह
कैथल। जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक वरिंदर सिंह ने जिले के नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि कैथल की सभी 20 गैस एजेंसियों पर घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से गैस सिलेंडरों की कमी संबंधी अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
उन्होंने बताया कि जिले में सुबह 6092 घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध थे। उसी दिन 7286 नए सिलेंडर प्राप्त हुए तथा 5349 सिलेंडर उपभोक्ताओं को वितरित किए गए। इसके बावजूद दिन के अंत में जिले में 8029 गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहा, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक ने बताया कि जिले में वर्तमान में 12,560 पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) उपभोक्ता हैं और उन्हें नियमित रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने उन क्षेत्रों के नागरिकों से अधिक से अधिक पीएनजी कनेक्शन लेने का आग्रह किया, जहां पाइपलाइन सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि पीएनजी गैस एलपीजी की तुलना में अधिक सस्ती, सुरक्षित और उपयोग में आसान है। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को उपयोग के अनुसार भुगतान करने की सुविधा भी प्राप्त होती है।
नए पीएनजी कनेक्शन के लिए उपभोक्ता कस्टमर केयर नंबर 011-69020500, 011-69020400, टोल फ्री नंबर 1800111817 तथा कंट्रोल रूम नंबर 74283-48899 और 74283-47799 पर संपर्क कर सकते हैं। जिन क्षेत्रों में अभी पीएनजी पाइपलाइन नहीं पहुंची है, वहां के निवासी भी आवेदन कर सकते हैं। पाइपलाइन शुरू होते ही उन्हें प्राथमिकता के आधार पर कनेक्शन उपलब्ध करवाया जाएगा।
वरिंदर सिंह ने बताया कि जिले में घरेलू गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी और अनधिकृत उपयोग को रोकने के लिए विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण और जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपनी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही एलपीजी गैस खरीदें तथा राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए गैस सिलेंडरों का अनावश्यक भंडारण न करें।


Leave a Reply