“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सेक्टर-20 हुड्डा पार्क में होगा विशेष आयोजन, रामचरण ने की अधिक भागीदारी की अपील

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सेक्टर-20 हुड्डा पार्क में होगा विशेष आयोजन, रामचरण ने की अधिक भागीदारी की अपील

डॉक्टर्स ने भी माना है योग से रोग भगाना है, डॉ. यश मित्तल दंपत्ति ने किया दीप प्रज्ज्वलित

कैथल। सेक्टर-20 हुड्डा पार्क में चल रहे सह-योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर एवं सर्व निदान योग शिविर के 13वें दिन का शुभारंभ डॉ. यश मित्तल एवं उनकी पत्नी डॉ. अनुरिमा मित्तल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्र के उच्चारण के साथ हुई, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।

युवा भारत के जिला प्रभारी अनिल गुप्ता एवं शहरी प्रभारी राणा अनिल आर्य ने सहयोग शिक्षक प्रशिक्षण पैकेज के अंतर्गत 12 आसनों, 12 सूक्ष्म व्यायामों तथा 8 प्राणायामों का विधिपूर्वक अभ्यास करवाया। उन्होंने योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भस्त्रिका प्राणायाम से भरपूर मात्रा में ऑक्सीजन फेफड़ों तक पहुंचती है, जिससे श्वसन तंत्र और नाड़ी तंत्र मजबूत होता है तथा खांसी, जुकाम, नजला और साइनस जैसी समस्याओं में लाभ मिलता है।

योग अपनाकर बीमारी से बचें : डॉ. यश मित्तल

मुख्य अतिथि डॉ. यश मित्तल ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को योग के माध्यम से अपने शरीर को इतना मजबूत बनाना चाहिए कि बीमारियां पास ही न फटकें। उन्होंने कहा कि एलोपैथी चिकित्सा आपातकालीन परिस्थितियों में आवश्यक है, लेकिन योग एक जीरो बजट और निशुल्क स्वास्थ्य पद्धति है, जिसे हर व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति एवं खाटू श्याम सालासर सेवा समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।

योग से बढ़ती है प्रतिरोधक क्षमता : डॉ. अनुरिमा मित्तल

डॉ. अनुरिमा मित्तल ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और व्यक्ति शारीरिक रूप से अधिक मजबूत बनता है। उन्होंने कहा कि जब शरीर स्वस्थ और सशक्त होता है तो रोग हमारे नजदीक नहीं आते। उन्होंने आशा व्यक्त की कि योग की यह जागरूकता और क्रांति देशभर में निरंतर आगे बढ़ती रहेगी।

उन्होंने कहा कि आज डॉक्टर भी यह मान चुके हैं कि योग के माध्यम से अनेक बीमारियों को दूर रखा जा सकता है और स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है।

योग विज्ञान सम्मत जीवन शैली है : रामचरण

भारत स्वाभिमान प्रभारी एवं शिविर संयोजक रामचरण ने कहा कि योग व्यक्ति को जीवन और जगत से जुड़ी समस्याओं, चुनौतियों और विषमताओं पर नियंत्रण पाने की शक्ति देता है। योग विज्ञान सम्मत जीवन शैली है, जो व्यक्ति के संपूर्ण व्यक्तित्व को सकारात्मक रूप से प्रभावित करती है। योग के माध्यम से व्यक्ति आधि, व्याधि और उपाधि से मुक्त होकर मानसिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति प्राप्त कर सकता है।

21 जून को होगा हवन यज्ञ और भंडारा

खाटू श्याम सालासर सेवा समिति के प्रधान मनोज सिंगला ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का स्वागत किया तथा बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष हवन यज्ञ और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस आयोजन में भाग लेने की अपील की।

इस अवसर पर आयोजन समिति के बदन सिंह आर्य, वीरभान कौशिक, प्रेमचंद जांगड़ा, रामफल, सतपाल गुप्ता, विनोद गर्ग, महेंद्र सिंह, सुरेश सैनी, जसवंत सहित सैकड़ों की संख्या में योग साधक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *