अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर वार्डों में लगे योग प्रशिक्षण शिविर
कैथल: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की तैयारियों के तहत जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शहर के विभिन्न वार्डों में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए। शिविरों का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को योग से जोड़ना और उन्हें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए तैयार करना है।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों में आयुष योग सहायकों ने प्रतिभागियों को सामान्य योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान सूक्ष्म क्रियाएं, विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा वैदिक मंत्रों का अभ्यास करवाया गया।
वार्ड नंबर 24 में विभा गोयल की उपस्थिति में कनिका योग सहायक द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। वार्ड नंबर 4 में सुरेश कुमार एवं रवि कुमार योग सहायकों ने प्रतिभागियों को योगाभ्यास करवाया।
वार्ड नंबर 7 में भारतीय योग संस्थान के प्रधान सतपाल भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि संदीप योग सहायक ने प्रशिक्षण प्रदान किया। वार्ड नंबर 10 में पतंजलि की जिला प्रभारी शांति चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
इसके अलावा वार्ड नंबर 8, 18, 21 तथा अन्य क्षेत्रों में भी योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और योग के प्रति उत्साह दिखाया।
डॉ. शकुंतला दहिया ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन के लिए जिलेभर में लगातार प्रशिक्षण शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है।
उन्होंने सभी नागरिकों से आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।











Leave a Reply