कैथल। इंदिरा गांधी (पी.जी.) महिला महाविद्यालय, कैथल में इतिहास विभाग के तत्वावधान में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं वीर योद्धा राव तुला राम की स्मृति में शहीदी दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को राव तुला राम के जीवन, संघर्ष, वीरता और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान से परिचित करवाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रबंधक समिति के प्रधान श्री राम बहादुर खुरानिया, प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग तथा सायंकालीन प्राचार्य प्रभारी श्रीमती श्वेता तंवर उपस्थित रहीं। इतिहास विभाग की प्राध्यापिकाओं ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री राम बहादुर खुरानिया ने राव तुला राम के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद छात्राओं ने भाषणों के माध्यम से वीर योद्धा राव तुला राम को श्रद्धांजलि दी और उनके जीवन एवं संघर्ष से सभी को अवगत करवाया। बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्राओं अंकिता और वर्षा तथा बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा निहारिका ने अपने विचार प्रस्तुत किए।
1857 के स्वतंत्रता संग्राम में राव तुला राम की भूमिका
इस अवसर पर प्रबंधक समिति के प्रधान राम बहादुर खुरानिया ने कहा कि राव तुला राम हरियाणा की वीरता, साहस और देशभक्ति के प्रतीक हैं। उन्होंने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजी शासन के विरुद्ध महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और क्षेत्र के लोगों को स्वतंत्रता संघर्ष के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि राव तुला राम रेवाड़ी क्षेत्र से थे और अपने शौर्य एवं नेतृत्व के कारण हरियाणा के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। उनका जीवन देशप्रेम, साहस, त्याग और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। राव तुला राम की स्मृति में शहीदी दिवस मनाना युवा पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
छात्राओं को इतिहास से जुड़ने के लिए किया प्रेरित
प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से हमें देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को प्राथमिकता देने की सीख मिलती है। उन्होंने छात्राओं को स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और देश के इतिहास को जानने तथा उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
सायंकालीन प्राचार्य प्रभारी श्रीमती श्वेता तंवर ने कहा कि राव तुला राम का साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और अपने गौरवशाली इतिहास के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने राव तुला राम के देश के प्रति योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर इतिहास विभाग से प्रो. रेनू शर्मा, प्रो. ममता एवं प्रो. सुरेश उपस्थित रहे।



Leave a Reply