“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

हरियाणा महिला पुरस्कार 2026: 5 नवंबर तक करें आवेदन, सुषमा स्वराज पुरस्कार में मिलेंगे 5 लाख रुपये

कैथल, 4 नवंबर। हरियाणा में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने राज्य स्तरीय महिला पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में चयनित महिलाओं को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी सपना ने बताया कि पात्र महिलाएं 5 नवंबर 2026 तक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://onlinemis.wcdhry.gov.in/gaurav पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। निर्धारित तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि डाक, कोरियर या ऑफलाइन माध्यम से भेजे गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।

किस पुरस्कार में कितनी मिलेगी राशि?

विभाग की ओर से विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

  • सुषमा स्वराज पुरस्कार: 5 लाख रुपये
  • इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार: 1 लाख 50 हजार रुपये
  • कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार: 1 लाख रुपये
  • बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार: 1 लाख रुपये
  • लाइफ टाइम अचीवर्स अवार्ड: 51 हजार रुपये
  • सरकारी कर्मचारी पुरस्कार: 21 हजार रुपये
  • सामाजिक कार्यकर्ता पुरस्कार: 21 हजार रुपये
  • महिला उद्यमी पुरस्कार: 21 हजार रुपये

सभी चयनित पुरस्कार विजेताओं को नकद राशि के साथ प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

महिला पुरस्कार के लिए क्या हैं जरूरी शर्तें?

कार्यक्रम अधिकारी सपना ने बताया कि आवेदन करने वाली महिला के पास वैध परिवार पहचान पत्र (PPP) होना अनिवार्य है। नामांकन की तिथि पर आवेदक का जीवित होना भी जरूरी है।

महिला की उपलब्धियां स्पष्ट, प्रमाणिक और संबंधित दस्तावेजों से समर्थित होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त आवेदक को शपथ पत्र के माध्यम से यह घोषणा करनी होगी कि उसके विरुद्ध किसी न्यायालय, विभाग या अन्य संस्था में कोई प्रतिकूल मामला लंबित नहीं है।

5 नवंबर है आवेदन की अंतिम तिथि

हरियाणा राज्य स्तरीय महिला पुरस्कारों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। पात्र महिलाएं अंतिम तिथि से पहले आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करें।