हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्षा ने किया कैथल का दौरा
कैथल, 4 जून। हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्षा तृप्ति श्योराण ने वीरवार को नागरिक अस्पताल, बाल उपवन आश्रम तथा आंगनवाड़ी केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि बच्चों और महिलाओं को नियमों के अनुसार सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
अध्यक्षा तृप्ति श्योराण सबसे पहले नागरिक अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्होंने पीएमओ कार्यालय में डॉक्टरों से अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने नवजात शिशु देखभाल इकाई (निक्कू वार्ड), प्रसूति कक्ष तथा ओपीडी का निरीक्षण किया और अस्पताल में भर्ती महिलाओं से बातचीत की। महिलाओं ने सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की सराहना की।
निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि नागरिक अस्पताल में बच्चों को बेहतर स्तर की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं और इन्हें निरंतर बनाए रखा जाना चाहिए। साथ ही अस्पताल में स्वच्छता और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन में संचालित क्रेच सेंटर का निरीक्षण किया। यहां बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार, प्री-स्कूल शिक्षा गतिविधियों तथा अन्य सुविधाओं की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान राशन की समय पर आपूर्ति न होने का मामला सामने आया, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। गर्मी के मौसम को देखते हुए क्रेच सेंटर में कूलर या एसी की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए।
अध्यक्षा ने कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का लाभ बच्चों तक जमीनी स्तर पर पहुंचना चाहिए। बच्चों का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
इसके उपरांत उन्होंने बाल उपवन आश्रम का निरीक्षण किया, जो विशेष दत्तक ग्रहण अभिकरण के रूप में कार्यरत है। निरीक्षण के दौरान संस्थान में बच्चों की देखभाल, आवास, शिक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक और सुव्यवस्थित पाई गईं।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. रेणू चावला, महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी सपना, डीएसपी गुरविंद्र सिंह, सीडीपीओ शशि बाला, डीसीडब्ल्यूओ कोमल, पीएमओ डॉ. दिनेश कंसल, डॉ. अनिल अग्रवाल, सलाहकार शशिकांत, समाजसेवी रवि भूषण गर्ग सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply