हरिनगर कॉलोनी पहुंचा “आदित्य सुरजेवाला चलता-फिरता अस्पताल”, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ
कैथल, 29 मई: कैथल विधानसभा क्षेत्र में जनसेवा की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए विधायक आदित्य सुरजेवाला द्वारा संचालित “आदित्य सुरजेवाला चलता-फिरता अस्पताल” गुरुवार को वार्ड-20 स्थित हरिनगर कॉलोनी, कुतुबपुर रोड पहुंचा। इस अवसर पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने लाभ उठाया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम, जिसमें डॉ. साहिल और डॉ. मेनका शामिल रहे, ने महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच की। जांच के बाद जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में जांच व दवाइयों पर काफी खर्च आता है, जबकि इस शिविर में सभी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध करवाई गईं।
कॉलोनी के अनेक लोगों ने कहा कि मोबाइल अस्पताल जैसी पहल आमजन, विशेषकर गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रही है। इससे उन लोगों को भी स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं, जिन्हें अस्पताल तक पहुंचने में कठिनाई होती है।
विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना उनका उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि यह मोबाइल अस्पताल सेवा “सेवा और समर्पण” की भावना से संचालित की जा रही है और इसे शहर के सभी वार्डों तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक नियमित रूप से पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले यह मोबाइल अस्पताल विभिन्न वार्डों और गांवों में पहुंचकर हजारों लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दे चुका है। भविष्य में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि जरूरतमंद लोगों को उनके घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।











Leave a Reply