“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

भाजपा और कांग्रेस की नियत में खोट, केवल आम आदमी पार्टी ही बदल सकती है हरियाणा की सूरत: डॉ. सुशील गुप्ता

भाजपा और कांग्रेस की नियत में खोट, केवल आम आदमी पार्टी ही बदल सकती है हरियाणा की सूरत: डॉ. सुशील गुप्ता

कैथल की जनसभा में प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा और कांग्रेस पर साधा निशाना, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को लेकर उठाए सवाल

कैथल/चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कैथल में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश तभी विकसित हो सकता है जब वह शिक्षित, स्वस्थ, नशामुक्त और भयमुक्त होगा। आम आदमी पार्टी का लक्ष्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं बल्कि देश और प्रदेश का समग्र विकास करना है।

डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ने वर्षों तक जनता को केवल वादों में उलझाकर रखा है, जबकि आम आदमी पार्टी विकास और जनहित के मुद्दों पर राजनीति करती है। उन्होंने दावा किया कि केवल आम आदमी पार्टी ही हरियाणा की तस्वीर और तकदीर बदल सकती है।

शिक्षा और स्वास्थ्य में पिछड़ रहा है हरियाणा

प्रदेश अध्यक्ष ने हरियाणा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार सरकारी स्कूलों को बंद कर निजीकरण को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि एक समय दिल्ली शिक्षा के क्षेत्र में देश में अग्रणी थी और आज पंजाब शिक्षा के मामले में शीर्ष राज्यों में शामिल है, जबकि हरियाणा लगातार पीछे जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की हालत खराब हो चुकी है। यदि सरकार की नीयत साफ होती तो शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए गंभीर प्रयास किए जाते।

दिल्ली और पंजाब मॉडल का किया उल्लेख

डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली और पंजाब में विश्वस्तरीय स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई हैं। उन्होंने दावा किया कि वहां लोगों को मुफ्त इलाज, दवाइयां और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों और सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में जरूरतमंद लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे आम जनता को राहत मिली है।

बिजली, पानी और रोजगार पर भी बोले

जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता को बेहतर बिजली, पानी और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देना और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है, जिसके कारण बड़ी संख्या में युवा बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहे हैं।

जनता से बदलाव का आह्वान

डॉ. सुशील गुप्ता ने जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि हरियाणा को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ाना है तो राजनीति में सकारात्मक बदलाव जरूरी है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता के मुद्दों की राजनीति करती है और भविष्य में भी लोगों की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।

जनसभा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार भी साझा किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *