भीषण गर्मी में साईं भक्तों ने दिखाई मानवता की मिसाल, विशाल मीठे जल की छबील लगाई
कैथल, 28 मई: नौ तपा की भीषण गर्मी में जब सूर्य की प्रचंड तपिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है, ऐसे समय में मानवता और सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए श्री साई रसोई सेवा समिति, कैथल द्वारा हनुमान मंदिर के निकट पार्क रोड स्थित हरियाणा शहीद स्मारक के सामने विशाल मीठे जल की छबील लगाई गई।
इस सेवा कार्य के दौरान सैकड़ों राहगीरों, रिक्शा चालकों, मजदूरों, बुजुर्गों और श्रद्धालुओं को ठंडा, मीठा एवं शुद्ध जल वितरित किया गया। तपती धूप में प्यास से परेशान लोगों को राहत मिली और उनके चेहरों पर संतोष एवं खुशी साफ दिखाई दी। कई लोगों ने समिति की इस सेवा भावना को साईं बाबा का आशीर्वाद बताया।
कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण “ॐ जय साईं राम”, “साईं सेवा ही सबसे बड़ा पुण्य है” और “भूखे को अन्न, प्यासे को पानी” जैसे जयकारों से भक्तिमय बना रहा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने इसे मानव सेवा और धार्मिक आस्था का सुंदर संगम बताया।
समिति की अध्यक्ष प्रिया ठकराल ने अन्य साईं सेविकाओं, युवा साथियों और श्रद्धालु भक्तों के सहयोग से इस सेवा कार्य का संचालन किया। सेवादारों ने जल वितरण के साथ-साथ स्वच्छता, गिलास व्यवस्था और आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा।
समिति के सचिव ललित लक्की ने कहा कि साईं बाबा का संदेश “सबका मालिक एक” समाज को सेवा और मानवता का मार्ग दिखाता है। उन्होंने कहा कि जब तक इंसान इंसान की सेवा नहीं करेगा, तब तक सच्ची भक्ति अधूरी रहेगी।
इस अवसर पर शहर के कई समाजसेवी एवं साईं भक्त भी पहुंचे। वरिष्ठ पत्रकार और समाजसेवी नवीन मल्होत्रा तथा साईं मंदिर के नवनियुक्त अध्यक्ष नितिन गुगलानी ने समिति के सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
समिति ने सभी दानदाताओं, श्रद्धालुओं और सेवादारों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी मानव सेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
इस सेवा कार्य को सफल बनाने में शालु, गीता, खुशी, सारिका, सपना, योग्य, नायरा, राजेश, अमित, दिनेश, रमेश, दिनेश खन्ना, जगन्नाथ, हेमन्त अनुराग, दीपक सलूजा, रिंकू गाबा, दीपक चौधरी, सुनील गुलाटी सहित अनेक साईं सेवादारों का विशेष योगदान रहा।


Leave a Reply