“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए नियमित योग जरूरी: डॉ. शकुंतला दहिया

बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए नियमित योग जरूरी: डॉ. शकुंतला दहिया

📍 कैथल | 🗓️ 21 मई 2026

कैथल, 21 मई: जिला प्रशासन और आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर जिलेभर में योग प्रशिक्षण गतिविधियां लगातार जारी हैं। इसी क्रम में 21 से 23 मई तक निजी और सरकारी विद्यालयों में योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया ने बताया कि विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और सर्वांगीण विकास के लिए नियमित योगाभ्यास अत्यंत आवश्यक है। योग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने जानकारी दी कि 18 से 20 मई तक जिले में पीटीआई और डीपीई के लिए योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर लगाए गए थे। इसके बाद अब दूसरे चरण में स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए योग दिवस प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

शिविरों में प्रशिक्षित पीटीआई, डीपीई, आयुष योग सहायकों तथा विभिन्न योग संस्थाओं के सहयोग से विद्यार्थियों को योगाभ्यास करवाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को योग से जोड़ा जा सके।

शिक्षा विभाग के डीपीई रमेश चहल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 में जिला और ब्लॉक स्तर पर विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नियमित योग अभ्यास करवाया जा रहा है।

डॉ. शकुंतला दहिया ने बताया कि इन योग शिविरों में पतंजलि योग समिति, आर्ट ऑफ लिविंग, भारतीय योग संस्थान, आयुष योग सहायकों और शिक्षा विभाग का महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 8 से 10 जून तक गांव, ब्लॉक और जिला स्तर पर योग जागरण यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान योग साधक “करो योग, रहो निरोग” संदेश के साथ लोगों को योग के प्रति जागरूक करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *