बागवानी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार की विशेष अनुदान योजनाएं
📍 कैथल | 🗓️ Updated: 18 April 2026
सब्जी व मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देकर किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि, सरकार दे रही है विशेष अनुदान।
कैथल, 18 अप्रैल: प्रदेश सरकार द्वारा किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से बागवानी क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न विशेष अनुदान योजनाएं लागू की गई हैं। इन योजनाओं के माध्यम से सब्जियों, मशरूम एवं आधुनिक तकनीक आधारित खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे किसान पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर अधिक लाभकारी विकल्प अपना रहे हैं।
डीसी अपराजिता ने बताया कि सब्जियों की खेती पर किसानों को 15,000 से 25,500 रुपये प्रति एकड़ तक का प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसके अलावा, बांस आधारित सब्जी उत्पादन पर 31,250 से 53,125 रुपये तथा आयरन स्टेकिंग तकनीक पर 70,500 से 1,19,850 रुपये तक की सहायता प्रदान की जा रही है। प्लास्टिक मल्चिंग के लिए 2 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से अनुदान भी उपलब्ध है।
मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए मशरूम झोपड़ी निर्माण पर 22,500 से 25,500 रुपये तथा मशरूम ट्रे पर 15,000 से 25,500 रुपये प्रति किसान की सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही बागवानी मशीनरी एवं उपकरणों की खरीद पर लागत का 40 से 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।
डीसी अपराजिता ने बताया कि बागवानी विभाग की योजनाओं का लाभ लेकर जिले के किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर रहे हैं। विभाग द्वारा दिए जा रहे तकनीकी मार्गदर्शन के चलते किसान उन्नत तकनीकों को अपनाकर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर रहे हैं। बांस स्टेकिंग तकनीक से किसान लगभग 4 लाख रुपये प्रति एकड़ तक का लाभ अर्जित कर रहे हैं, जबकि गाजर की खेती से करीब 2 लाख रुपये प्रति एकड़ तक आय संभव हो रही है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर बागवानी फसलों का पंजीकरण कराना अनिवार्य है। ऑनलाइन पंजीकरण के आधार पर पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर अनुदान दिया जाएगा। एक किसान अधिकतम 5 एकड़ तक सब्जी फसलों पर इस योजना का लाभ ले सकता है।


Leave a Reply