“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल पुलिस की ईआरवी टीम को गश्त के दौरान मिली चोरीशुदा मोटरसाइकिल, मालिक को सुरक्षित लौटाई

ईआरवी 385 टीम ने संदिग्ध हालत में खड़ी बाइक की जांच कर मालिक से किया संपर्क, सुपरदारी कार्रवाई के बाद सौंपी मोटरसाइकिल

कैथल, 12 नवंबर। कैथल पुलिस की सतर्कता और तत्परता के चलते चोरी हुई मोटरसाइकिल उसके मालिक को सुरक्षित वापस मिल गई। थाना शहर कैथल की ईआरवी 385 टीम ने गश्त के दौरान संदिग्ध हालत में खड़ी मोटरसाइकिल की जांच की और तकनीकी माध्यम से उसके मालिक का पता लगाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बाइक उसे सौंप दी।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ईआरवी 385 थाना शहर कैथल की टीम गश्त के दौरान चौकी अनाज मंडी क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस कर्मचारियों को एक दुकान के पीछे धूल-मिट्टी में संदिग्ध हालत में खड़ी मोटरसाइकिल दिखाई दी। पुलिस टीम ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए मोटरसाइकिल के नंबर की तकनीकी जांच की और उसके मालिक की जानकारी प्राप्त की।

इसके बाद पुलिस कर्मचारियों ने मोटरसाइकिल मालिक से फोन पर संपर्क कर उसे मौके पर बुलाया। जांच के दौरान पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल 4 नवंबर 2026 को चोरी हुई थी, जिसकी शिकायत चौकी अनाज मंडी में दर्ज करवाई गई थी।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और सुपरदारी कार्रवाई पूरी करने के बाद चोरीशुदा मोटरसाइकिल उसके मालिक के हवाले कर दी। अपनी मोटरसाइकिल वापस मिलने पर मालिक ने हरियाणा पुलिस और कैथल पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस टीम की कार्यप्रणाली की सराहना की।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के मार्गदर्शन में ईआरवी स्टाफ को समय-समय पर मीटिंग और कंट्रोल रूम के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं। इन निर्देशों के सकारात्मक परिणामस्वरूप पुलिस कर्मचारी गश्त के दौरान पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभा रहे हैं।

कैथल पुलिस आमजन की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा के लिए सदैव तत्पर है।