“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

सांसद नवीन जिन्दल ने दीपावली पर दिया सेवा, सद्भाव और सकारात्मकता का संदेश, जरूरतमंद परिवारों की मदद करने का किया आह्वान

कैथल, 7 नवंबर 2026। कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के सांसद नवीन जिन्दल ने दीपावली के पावन पर्व पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए दीपावली को सेवा, सद्भाव और सकारात्मकता के साथ मनाने का संदेश दिया।

जरूरतमंद परिवारों की दीपावली भी खुशहाल बनाने की अपील

सांसद नवीन जिन्दल ने देशवासियों से विशेष आह्वान किया कि इस दीपावली केवल अपने घर को ही रोशन न करें, बल्कि किसी जरूरतमंद परिवार के घर में भी खुशियों का दीप जलाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक जरूरतमंद परिवार की सहायता अवश्य करनी चाहिए, ताकि समाज के हर वर्ग के लोग दीपावली का त्योहार खुशी और उत्साह के साथ मना सकें।

दीपावली पर भी ड्यूटी निभाने वाले कर्मयोगियों को किया नमन

नवीन जिन्दल ने दीपावली के दिन भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने वाले कर्मचारियों, स्वास्थ्यकर्मियों और देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के प्रति विशेष सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्लांट, फैक्ट्रियों, अस्पतालों, सड़कों और देश की सीमाओं पर तैनात ये कर्मयोगी त्योहार के दिन भी पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। इनके समर्पण और सेवाभाव के कारण ही देशवासी सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मना पाते हैं।

अंत में सांसद नवीन जिन्दल ने सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई देते हुए कामना की कि यह पावन पर्व हर परिवार के जीवन में खुशियां, सकारात्मकता, सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए।