15 से 29 वर्ष तक के युवा ले सकेंगे भाग, छह विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं; जिला स्तर के विजेताओं को मिलेगा राज्य स्तरीय महोत्सव में भाग लेने का अवसर
कैथल, 6 नवंबर। कैथल जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता दिखाने का अवसर मिलने जा रहा है। जिला युवा महोत्सव का आयोजन आगामी 19 और 20 नवंबर को राजकीय आईटीआई कैथल में किया जाएगा। महोत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवक एवं युवतियां भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को 16 नवंबर तक पंजीकरण करवाना होगा।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) गुलजार मलिक ने बताया कि जिला युवा महोत्सव के माध्यम से युवाओं को अपनी कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अधिक से अधिक युवाओं को महोत्सव में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।
सीईओ गुलजार मलिक जिला स्तरीय युवा महोत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन की तैयारियां समय पर पूरी करने और युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने माई भारत के जिला अधिकारी को गांव स्तर पर गठित युवा एवं युवती मंडलों के माध्यम से अधिक से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
जिला युवा महोत्सव में छह विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं
राजकीय आईटीआई कैथल में आयोजित होने वाले जिला युवा महोत्सव में छह प्रकार की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। इनमें समूह नृत्य, समूह गीत, पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन तथा फोक म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के जरिए युवाओं को अपनी सांस्कृतिक, कलात्मक और साहित्यिक प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
माई भारत पोर्टल पर करवा सकते हैं ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
जिला युवा महोत्सव में भाग लेने के इच्छुक युवा माई भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त किसी भी राजकीय आईटीआई से आवेदन फार्म प्राप्त करके भी आवेदन किया जा सकता है।
आवेदन फार्म के साथ फोटो, आधार कार्ड और बैंक खाते की प्रति संलग्न करनी होगी। आवेदन जमा करवाने की अंतिम तिथि 16 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
जिला स्तर के विजेताओं को मिलेगा राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में मौका
राजकीय आईटीआई कैथल के एपीओ पंकज कुमार ने बताया कि जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को डीबीटी के माध्यम से नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
राज्य स्तरीय महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रीय युवा महोत्सव के लिए किया जाएगा। इस प्रकार जिला युवा महोत्सव युवाओं को जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार, डीआईपीआरओ नसीब सैनी, एआईपीआरओ अमित कौशिक, जिला युवा अधिकारी मोहित नेहरा, राजकीय आईटीआई कैथल के एपीओ पंकज कुमार, राजकीय बहुतकनीकी शेरगढ़ के प्राचार्य कुलवीर अहलावत, वर्ग अनुदेशक शमशेर सिंह, नरेश पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

